रेणुकूट। नगर के निजी औद्योगिक प्रतिष्ठान से एल्युमिनियम लेकर महाराष्ट्र के लिए निकला रास्ते से गायब हो गया है। ट्रक पर करीब 91 लाख मूल्य का 30 टन एल्युमिनियम लदा था। काफी प्रयास के बाद भी ट्रक चालक और मालिक से संपर्क न होने पर ट्रांसपोर्ट कंपनी के मैनेजर से पिपरी थाने में केस दर्ज कराया है। पिछले एक साल में एल्युमिनियम लदा ट्रक गायब होने की चौथी घटना है।
मुर्धवा मोड़ स्थित ट्रांसपोर्ट कंपनी के प्रबंधक जयबहादुर सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि झारखंड के हजारीबाग निवासी यूनुस अंसारी ने अपना ट्रक अनुबंध के तहत जौनपुर के केराकत कोतवाली के छातीडीह निवासी विद्यासागर मिश्र को मालिकाना हक के साथ सौंप दिया है। इस ट्रक का संचालन उसकी कंपनी में एक साल से हो रहा है। गत 31 जुलाई को ट्रक पर 29.825 एमटी एल्युमिनियम की सिल्ली लादकर जेएसडब्ल्यू स्टील लिमिटेड डॉल्वी महाराष्ट्र के लिए रवाना किया गया था। अहरौरा पहुंचने के बाद विद्यासागर ने ट्रक के चालक को बदल दिया। यहां से दूसरे चालक राजा के साथ ट्रक को आगे ले गया। माल लेकर ट्रक को सात अगस्त तक वहां पहुंचना था। इस बीच औरंगाबाद के जालना के पास ट्रक में खराबी आने की बात कह रोक दिया गया। इसके बाद से उसका कोई लोकेशन नहीं है। तीन-चार दिन तक शोरूम में मरम्मत की बात कही गई, लेकिन 12 अगस्त से विद्यासागर का मोबाइल बंद है। उसके चालक से भी संपर्क नहीं हो पा रहा है। आशंका है कि धोखाधड़ी कर माल को बीच रास्ते से चोरी कर लिया गया है। तहरीर के आधार पर पिपरी पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध केस दर्ज कर लिया है। एसओ विश्वनाथ प्रताप सिंह ने बताया कि ट्रक की बरामदगी के लिए पुलिस टीम को लगाया गया है। जल्द ही सफलता मिलेगी।
एक साल में चौथा ट्रक रास्ते से गायब
लाखों रुपये मूल्य के एल्युमिनियम लेकर ट्रक के रास्ते से गायब होने की यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले मई में पंजाब के लिए निकला ट्रक हरियाणा के करनाल के आगे से गायब हो गया था। इस ट्रक पर 76.59 लाख का माल लदा था। इससे पहले फरवरी में मुंबई के लिए निकला ट्रक गुजरात से लापता हो गया था। हालांकि पुलिस ने मामले में माल बरामद करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया था।