सोनांचल संघर्ष वाहिनी के राष्ट्रीय अध्यक्ष रोशन लाल यादव ने रविवार को ग्राम प्रधान पटना संजू देवी की अध्यक्षता में चौपाल लगाई। चौपाल में ग्रामीणों से टीकाकरण की अपील की। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि आज देश में डीजल, पेट्रोल , सरसों का तेल ,गैस चूल्हा, अरहर की दाल, मसाले, चीनी और सब्जियों के दाम महंगाई के चलते आसमान छू रही हैं।
उन्होंने कहा कि आज सोनांचल का मूल निवासी और आदिवासी जिनकी जल, जंगल और जमीन सब कुछ सरकारों ने कल कारखाने लगाने के नाम पर छीन लिया, जो कुछ बचा था उसे कैमूर सर्वे एजेंसी के काले कारनामो ने छीन लिया। सोनांचलवासियों के हालात ऐसे हैं कि इस महंगाई में दो जून की रोटी नसीब नहीं है। जनप्रतिनिधियों और मौजूदा सरकार के अंदर कोई इच्छा शक्ति ही नहीं कि निजी कंपनियों में सोनांचल के बेरोजगारों को प्राथमिकता के आधार पर गाइड लाइन बनवाकर उन्हें नौकरी दिलाई जाए। रोशन लाल यादव ने यह भी कहा कि नक्सल उन्मूलन के नाम पर सोनभद्र को केंद्र सरकार से जो धन मिल रहा उससे नक्सल प्रभावित रहे क्षेत्रों का चौमुखी विकास किया जाए और जो नक्सली आत्मसमर्पण कर चुके हैं या सजा काटकर राष्ट्र की मुख्यधारा में आकर अपना गुजर बसर कर रहे हैं उन्हें सरकार अपने वादे के अनुसार उन्हें जीवन यापन करने के लिए सहायता प्रदान करें।