ओबरा के खैरटिया में खदान पर प्रदर्शन करतीं आदिवासी महिलाएं। स्रोत स्वयं
ग्राम पंचायत बिल्ली मारकुंडी के खैरटिया की गोंडवाना बस्ती से सटे एक खदान में हो रही अनियंत्रित ब्लास्टिंग से घरों पर गिर रहे पत्थरों से नाराज आदिवासी महिलाएं शुक्रवार की दोपहर में विरोध प्रदर्शन करते हुए खदान पर पहुंच गईं। महिलाओं के विरोध प्रदर्शन को देखते हुए खदान में काम करने वाले ब्लास्टर सहित अन्य कर्मचारी भाग खड़े हुए। महिलाओं ने खनन विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए खदान को बंद करने की मांग की। आरोप लगाते हुए बताया कि खदान में लगातार हो रही अनियंत्रित ब्लास्टिंग से उनके घरों पर पत्थर गिरने से ग्रामीण दहशत में हैं। प्रदर्शन में देवकली, जीरवंती, परमेश्वरी, गीता, शकुंतला, शांति, भगवती, सुशीला, गुंजा, राजकुमारी, मुन्ना, दुर्गा, अमरजीत सहित ग्रामीण शामिल रहे।