सोनभद्र/विंढमगंज। साइबर अपराधियों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि अब वे पुलिस की वर्दी का डर दिखाकर सीधे-साधे ग्रामीणों को शिकार बना रहे हैं। ताजा मामला विंढमगंज थानाक्षेत्र के बोम गांव का है, जहां सोमवार शाम एक आदिवासी महिला को ‘डिजिटल अरेस्ट’ की धमकी देकर 13 हजार रुपये ठग लिए गए। पीड़िता के पास एक अनजान नंबर से फोन आया, जिसमें उसके नाम पर एक ‘संदिग्ध पार्सल’ आने की बात कही गई। जब महिला और उसके पति ने पार्सल मंगवाने से इन्कार किया, तो कॉल करने वाले ने खुद को पुलिसकर्मी बताते हुए धमकाना शुरू कर दिया। ठग ने वीडियो कॉल की, जिसमें वह पुलिस की वर्दी में नजर आ रहा था। उसने डराया कि पार्सल में गैरकानूनी चीजें हैं और यदि पैसे नहीं दिए तो महिला पुलिस भेजकर पति-पत्नी दोनों को जेल भेज दिया जाएगा। डर के मारे महिला ने पहले 6,000 रुपये क्यूआर कोड के जरिए ट्रांसफर किए। इसके तुरंत बाद, पति को भी मामले में फंसाने की धमकी देकर 7,000 रुपये और वसूल लिए गए। जब तीसरी बार बड़ी रकम की मांग हुई, तब महिला को शक हुआ और उसने ग्रामीणों को आपबीती सुनाई। ठगी का अहसास होने पर पीड़िता ने विंढमगंज थाने में शिकायत दर्ज कराई। थानाध्यक्ष शिवकुमार सिंह ने बताया कि साइबर सेल मामले की जांच कर रही है और ठगी गई रकम को होल्ड कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। उधर, आजाद समाज पार्टी के जिलाध्यक्ष रविकांत ने भी घटना पर रोष व्यक्त करते हुए दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। घोरावल। साइबर अपराधों के खिलाफ घोरावल पुलिस ने बड़ी सफलता पाई है। कोतवाली क्षेत्र के निवासी सर्वदेव सिंह के खाते से 1 मार्च को साइबर ठगों ने धोखाधड़ी कर 40,000 रुपये पार कर दिए थे। पुलिस की सक्रियता से 24 घंटे के भीतर पूरी रकम वापस मिल गई। घटना की जानकारी मिलते ही पीड़ित ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। घोरावल कोतवाली प्रभारी बृजेश कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस ने बिना समय गंवाए कार्रवाई शुरू की। इससे दो मार्च को ठगी गई पूरी धनराशि पीड़ित के खाते में वापस क्रेडिट करा दी गई। प्रभारी निरीक्षक ने नागरिकों को सचेत करते हुए कहा कि साइबर ठगी होने पर घबराने के बजाय तत्काल कदम उठाएं। ठगी होने पर तुरंत साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 पर कॉल करें। सरकारी पोर्टल www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज करें अथवा नजदीकी थाने में जाकर सूचित करें। समय रहते दी गई सूचना से ठगी गई राशि को होल्ड करना और उसे वापस दिलाना आसान हो जाता है।