नगर पंचायत के विस्तारित क्षेत्र चोपन दलित बस्ती में रविवार की रात बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर की जयंती धूमधाम से मनाई गई। इस दौरान विविध सांस्कृतिक कार्यक्रमों के बाद समरसता भोज का आयोजन भी हुआ।
मुख्य अतिथि समाज कल्याण मंत्री संजीव सिंह गोंड़ और विशिष्ट अतिथि प्रमुख राजन सिंह ने बाबा साहब के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हे श्रद्धांजलि दी। इसके बाद आदिवासी नृत्य करमा व मांदर की थाप पर आदिवासी कलाकारों ने जकमर नृत्य किया। बिरहा कलाकार सुधीर लाल यादव और मनीषा प्रभाकर के बीच रात भर जोरदार बिरहा गायन का मुकाबला हुआ। इस दौरान लवकुश भारती, संजीव तिवारी, प्रदीप अग्रवाल, संजय जैन, सत्यप्रकाश तिवारी, राजन जायसवाल, नागेश्वर गोंड़, राजेश अग्रहरी आदि मौजूद रहे। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रभारी निरीक्षक लक्ष्मण पर्वत पुलिस बल के साथ मौजूद रहे।