दुद्धी। अनपरा क्षेत्र के करहिया स्थित ऑक्सीजन प्लांट का मंगलवार को ट्रायल पर किया गया। इस दौरान कई खामियों को दुरुस्त कराने में विशेषज्ञों की टीम लगी रही। रात में ट्रायल सफल होने पर बुधवार से ऑक्सीजन की रिफलिंग शुरू होने की संभावना जताई जा रही है।
मंगलवार को ऑक्सीजन प्लांट पहुंचे उपजिलाधिकारी रमेश कुमार ने वस्तुस्थिति से रूबरू हुए। उन्होंने बताया कि ऑक्सीजन प्लांट के संचालन के लिए कम्प्रेसर द्वारा नाइट्रोजन चार्ज कर लोड पर दिया गया।
इस दौरान नाइट्रोजन चैम्बर में दो से तीन जगह माइनर रिसाव मिला। जिसे शाम पांच बजे तक सुधार कर लिया गया। हिंडाल्को, रेणुसागर की रेफ्रिजरेशन डिपार्टमेंट और मेंटेनेंस के हेड अपनी पूरी टीम के साथ इस काम में पूरी तत्परता से लगे हैं। उन्होंने बताया कि दूसरी तरफ जो वाटर सर्कुलेटिंग और वाटर कूलिंग यूनिट है उसे पूरी तरीके से तैयार कर लिया गया है और उसे टेस्ट भी कर लिया गया है। इसके अलावा प्लांट के जितने भी मोटर हैं उन सभी को चलाकर टेस्ट कर लिया गया है। सभी सही स्थिति में पाए गए हैं। कहा कि पुन: नाइट्रोजन गैस चार्ज कर पूरे पाइप में प्रेशर की चेकिंग की जाएगी। चार घंटे तक पूर्ण क्षमता पर नाइट्रोजन चार्ज कर उसकी जांच में यदि कहीं रिसाव नहीं आता है तो ऐसी स्थिति में पूरी यूनिट को रात नौ बजे के करीब लोड पर लाया जा सकता है।
बताया कि पूरी यूनिट के लोड पर आने के बाद चार से पांच घंटे बिना किसी समस्या के प्लांट लोड पर बना रह जाता है तो उसके पश्चात पूरी यूनिट ऑक्सीजन रिफलिंग के लिए तैयार हो जाएगी। हिंडाल्को के संबंधित अधिकारियों को यूनिट के उत्पादन तक आने तक वहां अपनी पूरी रेफ्रिजरेशन, मैग्निकल और इलेक्ट्रिकल टीम के साथ उपलब्ध रहने के लिए निर्देश जारी किया। ताकि मौके पर किसी भी समस्या होने पर त्वरित समाधान किया जा सके। उपजिलाधिकारी ने बताया कि सब कुछ ठीक रहा तो बुधवार से प्लॉट से ऑक्सीजन की रिफलिंग शुरू होने की संभावना है।