लोढ़ी स्थित कोविड केयर सेंटर अस्पताल।
- फोटो : SONBHADRA
सोनभद्र। जिला चिकित्सालय परिसर स्थित मातृ-शिशु केंद्र में 200 बेड के विशेष कोविड अस्पताल में मरीजों का इलाज शुरू कर दिया गया है। मरीजों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें, इसके लिए इस अस्पताल में शासन स्तर से अत्याधुनिक उपकरण उपलब्ध कराए गए हैं। विशेष परिस्थितियों में हृदय को सक्रिय रखने में सहायक डी फिब्रीकेटर मशीन, ईसीजी, 18 वेंटिलेटर, आक्सीजन बनाने वाले 18 आक्सीजन सेंट्रेटर मशीन उपलब्ध कराए गए हैं। इसके अलावा अचेत मरीज की पल्स रेट आदि जांचने वाली पैरामानिटर मशीन, सेंट्रल मानिटर सहित अन्य कीमती उपकरण भी लगाए गए हैं।
सीएमओ डॉ एसके उपाध्याय ने बताया कि विशेष कोविड अस्पताल में कीमती उपकरण शासन स्तर से उपलब्ध कराए हैं। अस्पताल में पाइप के जरिये सभी 200 बेड तक आक्सीजन की आपूर्ति की व्यवस्था की गई है। ताकि जरूरत पड़ने पर मरीज को तुरंत आक्सीजन की सुविधा उपलब्ध कराई जा सके। एक कमरे में सेंट्रल मानिटर है जिससे अस्पताल में लगे सभी 15 मानिटर जोड़े गए हैं। यहीं से मरीजों के स्वास्थ्य की निगरानी की व्यवस्था की गई है। लगभग सभी बेड भी लगा दिए गए हैं। इस अस्पताल में एकीकृत नियंत्रण कक्ष बनाया गया है। यहां से अस्पताल में मौजूद लोगों से संवाद की व्यवस्था भी की गई है। अस्पताल के लोगों से कंट्रोल रूम से ही संवाद किया जाएगा। ताकि जरूरत पड़ने पर मरीज के पास चिकित्सक व अन्य कर्मी को भेजा जा सके। अस्पताल के कर्मचारियों व बाहर से आने जाने वालों की निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। अस्पताल परिसर में कुल 28 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। उन्होंने बताया कि शासन स्तर से निर्देश मिलने के बाद विशेष कोविड अस्पताल में मरीजों का इलाज शुरू कर दिया गया है। यहां कोरोना संक्रमित लेबल -2 तक के मरीजों के इलाज व देखभाल की सुविधा उपलब्ध है।