सोनभद्र। परिवहन निगम कर्मचारी अधिकारी संयुक्त संघर्ष मोर्चा से जुड़े कर्मचारियों ने बुधवार को राबर्ट्सगंज रोडवेज बस स्टेशन में धरना दिया। यहां सभा कर अपनी मांगों को पूर्ण कराने और कर्मचारियों के साथ न्याय करने की मांग की। चेताया कि यदि उनकी मांग पूरी नहीं की गई तो आंदोलन तेज किया जाएगा।
संघ के अध्यक्ष राजकुमार सिंह ने कहा कि मोटर अधिनियम के उपलब्ध प्रावधान के अनुसार निकट राज्यों का संचालन राज्य की सीमा के निकट उपलब्ध परिवहन निगम की डिपो इकाइयों तक ही अनुबंधित योजना द्वारा किया जाए। 31 दिसंबर 2001 तक नियुक्त संविदा चालकों, परिचालकों को नियमित नियुक्ति दी जाए। सीधी भर्ती के सभी वर्गों में रिक्त पदों को नियमित नियुक्ति द्वारा भरा जाए। संघ के मंत्री प्रियंकर मिश्रा ने कहा कि बकाया महंगाई भत्ते की किश्तों का देय दिनांक से भुगतान कराया जाए। प्रदेश के कई अन्य परिवहन निगम कर्मियों को भी महंगाई भत्ते का भुगतान निदेशक मंडल से अनुमोदन के बाद किया जाए। लंबित गंभीर वेतन विसंगतियों का निवारण हो। इसी तरह से कई अन्य मांगें भी उठाई गईं। इस मौके पर समर बहादुर यादव, दया पाल, सूर्य प्रकाश शुक्ला, अमरनाथ सिंह, विजय प्रताप सिंह, सुनील दीक्षित, छोटेलाल, बृजेश सिंह, विजय कुमार आदि मौजूद रहे।