राबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के कठपुरवा गांव में रविवार की रात ट्रेन की चपेट में आने से संजय कुमार (35) निवासी कठपुरवा की मौत हो गई। वह रात में करीब 11 बजे घर लौट रहा था।
सोमवार की सुबह लोगों ने उसका शव देखा तो पुलिस को सूचना दी। कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
जानकारी के अनुसार कठपुरवा गांव के स्व. नंदलाल का पुत्र संजय रविवार की दोपहर में किसी काम से घर से बाहर गया था। कहा जा रहा है कि रविवार की रात वह अपने घर लौट रहा था। इस दौरान किसी ट्रेन की चपेट में आ गया।
अंधेरा होने के नाते उधर से किसी के न गुजरने से वह वहीं पड़ा रह गया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस बीच रात में उसके घर न लौटने पर परिवार वालों ने उसकी तलाश शुरू कराई लेकिन उसका पता नहीं चला।
सोमवार की सुबह गांव के लोग शौच के लिए निकले तो संजय का शव देख कर अवाक रह गए। लोगों ने इसकी जानकारी मृतक के परिवार वालों के साथ ही पुलिस को दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। चर्चा है कि संजय पंचायत चुनाव में किसी के प्रचार से जुड़ा हुआ था कहीं दावत से लौट रहा था।