म्योरपुर। थाना क्षेत्र के रनटोला गांव में बुुधवार की रात करीब साढ़े आठ बजे अनियंत्रित ट्रेलर रोड पर ही दुर्घटनाग्रस्त होकर खड़ा हो गया। इससे मुर्धवा-बीजपुर मार्ग पर 15 घंटे जाम लगा रहा। मार्ग जाम होने से लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। बहुत से वाहन तो दुद्धी के रास्ते अपने गंतव्य तक पहुंचे। बृहस्पतिवार की दोपहर करीब 12 बजे जाम समाप्त हुआ, तब जाकर आवागमन सुचारू हो सका। म्योरपुर थाना क्षेत्र के रनटोला में अनियंत्रित ट्रेलर रोड पर ही दुर्घटनाग्रस्त होकर खड़ा हो जाने से करीब 15 घंटे तक सड़क जाम रहा। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ से ओबरा लोहे की प्लेट लाद कर जा रहा ट्रेलर अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। ट्रेलर चढ़ाई पर अनियंत्रित होकर इस तरह बैक होकर दुर्घटनाग्रस्त हुआ कि मार्ग पर आने-जाने तक की जगह नहीं बची। थोड़ी जगह में बाइक सवार ही निकल पा रहे थे। ऐसे में मार्ग पर दोनों तरफ वाहनों का लंबा काफिला लग गया। बुधवार की रात साढ़े आठ बजे से लगा जाम बृहस्पतिवार की दोपहर बारह बजे खुला। रात में हुए हादसे के बाद घबराया ड्राइवर मौके से फरार हो गया। इससे पुलिस को ट्रेलर हटवाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। रात में ही सूचना पर पहुंची पुलिस जाम खुलवाने में जुटी रही। इस दौरान तमाम वाहन दुद्धी की ओर होकर हाथीनाला के रास्ते आगे के लिए रवाना हुए। जाम की वजह से मजदूरों समेत रेणुकूट जाने वाले लोगों को काफी असुविधा का सामना करना पड़ा। क्रेन और हाइड्रा से किसी तरह ट्रेलर को मार्ग से हटाया गया तब जाकर 15 घंटे बाद जाम खुला और लोगों ने राहत की सांस ली।