हाथीनाला थाना क्षेत्र में सड़क हादसे में राजमार्ग पर क्षतिग्रस्त वाहन। संवाद
हाथीनाला। स्थानीय थाना क्षेत्र के रानीताली स्थित एचपी पेट्रोल पंप के सामने रविवार की शाम करीब 5 बजे रांग साइड से आ रहे ट्रेलर की सामने से टिपर से टक्कर हो गई। इस भीषण हादसे में ट्रेलर चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। टिपर चालक घटना के बाद मौके से फरार हो गया। हाथीनाला की तरफ से रांग साइड में जा रहा ट्रेलर डाला की ओर से आ रहे टिपर से टकरा गया। टक्कर इतनी तेज थी कि टिपर सड़क पर पलट गया और उसमें लदी गिट्टी सड़क पर बिखर गई। हादसे के बाद मौके पर जुटे प्रत्यक्षदर्शियों ने डायल 112 पुलिस को तुरंत सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से ट्रेलर के केबिन में फंसे चालक को सुरक्षित बाहर निकलवाया। इसके बाद पुलिस ने अपने वाहन से उसे दुद्धी अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में उसकी हालत गंभीर बनी हुई है और उसका उपचार जारी है। घायल व्यक्ति के नाम की अभी तक पुष्टि नहीं हो सकी है। पुलिस ने सड़क पर बिखरी गिट्टी और क्षतिग्रस्त वाहनों के कारण बाधित आवागमन को सुचारु कराया। दोनों वाहनों को सड़क किनारे हटवाने की कार्रवाई पूरी कर ली गई है। हाथीनाला थाना प्रभारी विनोद यादव ने बताया कि घटना में घायल व्यक्ति को उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस को मिली तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।