सड़क हादसों में कमी लाने के लिए सोमवार को जिले में यातायात माह का आगाज किया गया। बतौर मुख्य अतिथि समाज कल्याण विभाग के राज्य मंत्री संजीव सिंह गोंड ने जागरूकता वैन व रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस माह के दौरान हादसों में कमी के लिए विशेष जागरूकता कार्यक्रम चलाए जाएंगे। नियमों की अनदेखी करने वालों पर सख्त कार्रवाई भी होगी। विभिन्न स्कूलों के बच्चों ने नगर में रैली निकाली। नारों से लोगों को यातायात नियमों के पालन के लिए प्रेरित किया।
नगर से सटे गेंगुआर स्थित एक मैरेज लॉन में हुए उद्घाटन समारोह में राज्य मंत्री ने लोगों से यातायात नियमों के पालन की अपील की। कहा कि बाइक पर हेलमेट और कार में सीट बेल्ट लगाकर ही चलें।
विशिष्ट अतिथि डीएम बद्रीनाथ सिंह ने कहा कि सड़क हादसों को रोकना बड़ी चुनौती है। जनसहयोग के बिना यह संभव नहीं है। उन्होंने बताया कि जिले में दुर्घटना बहुल इलाकों को चिह्नित कर वहां साइनेज, ब्रेकर, रेडियम पट्टी, कैट आई सहित अन्य सुरक्षात्मक कार्य कराए गए हैं।
एसपी अशोक कुमार ने स्कूली बच्चों को यातायात नियम समझाते हुए उसका पालन करने की अपील की। एएसपी कालू सिंह ने यातायात माह के दौरान होने वाली गतिविधियों की रुपरेखा बताई।
पुलिसकर्मियों को नियमों का पालन सख्ती से कराने के निर्देश दिए। धन्यवाद ज्ञापन सीओ सदर संजीव कटियार ने किया। कार्यक्रम में सीएमओ डॉ. अश्वनी कुमार, नगर पालिका अध्यक्ष रुबी प्रसाद, एआरटीओ धनवीर यादव, इं. रमेश सिंह, जिला पंचायत सदस्य मोहन कुशवाहा, यातायात प्रभारी अविनाश सिंह आदि मौजूद रहे।