विंढमगंज। स्थानीय वन रेंज अंतर्गत कनहर नदी से अवैध बालू का परिवहन कर रहे एक ट्रैक्टर ट्राली को वन विभाग की टीम ने शुक्रवार की रात हरपुरा गांव के पास से पकड़ लिया। चालक मौके से फरार हो गया। ट्रैक्टर ट्राली को रेंज कार्यालय लाकर सीज कर दिया गया है।
शुक्रवार की रात गश्त पर निकले रेंजर इमरान खान ने हरतुरा ग्राम पंचायत के लिंक मार्ग पर एक ट्रैक्टर ट्राली को अवैध बालू का परिवहन करते पकड़ा। उसे वन रेंज कार्यालय लाया गया। रेंजर ने बताया कि वन अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत ट्रैक्टर ट्राली को सीज कर दिया गया है। पकड़ा गया ट्रैक्टर ट्राली गांव के ही एक व्यक्ति का है। वन कर्मियों की टीम में वन दरोगा दिलीप सिंह, सूबेदार भार्गव, अवधेश, सुनील कुमार, पाठक राम आदि शामिल रहे। बता दें कि कनहर नदी के प्राकृतिक सौंदर्य को मानक के विपरीत खनन से बिगाड़ने का आरोप लगाते हुए पिछले दिनों प्रदर्शन किया गया था। इसके बाद अफसरों की सक्रियता बढ़ी है। हालांकि इसके बाद भी बालू का खनन पूर्व की तरह की बेखौफ ढंग से जारी है।