कलेक्ट्रेट सभागार में दानवीर भामाशाह की जयंती समारोह में उद्यमी को सम्मानित करते विधायक भूपेश च
वीर शिरोमणि दानवीर भामाशाह की जयंती सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में व्यापारी कल्याण दिवस के रूप में मनाई गई। राज्य कर विभाग की ओर से आयोजित कार्यक्रम में जिले के सर्वाधिक कर जमा करने वाले 10 व्यापारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
वक्ताओं ने ईमानदार करदाताओं को राष्ट्र और जनपद के विकास की आधारशिला बताते हुए कर भुगतान के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।
मुख्य अतिथि सदर विधायक भूपेश चौबे ने कहा कि भामाशाह का त्याग, राष्ट्रभक्ति और समर्पण भारतीय इतिहास की अमूल्य धरोहर है। उन्होंने अपना सर्वस्व महाराणा प्रताप और राष्ट्र की रक्षा के लिए समर्पित कर अद्वितीय उदाहरण प्रस्तुत किया, जिससे आज की पीढ़ी को प्रेरणा लेनी चाहिए।
डीएम चर्चित गौड़ ने कहा कि भामाशाह का जीवन सेवा, त्याग और कर्तव्यनिष्ठा का प्रतीक है। उन्होंने करदाताओं की सराहना करते हुए कहा कि ईमानदारी से कर अदा करने वाले नागरिकों के योगदान से विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं को गति मिलती है। भाजपा जिलाध्यक्ष नंदलाल गुप्ता ने भामाशाह के आदर्शों को अपनाने का आह्वान किया। नगर पालिका अध्यक्ष रूबी प्रसाद ने उनके जीवन और समाज के प्रति योगदान पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में सांस्कृतिक विभाग की ओर से करमा नृत्य की प्रस्तुति भी दी गई। इस दौरान एडीएम (न्यायिक) रमेश कुमार, संयुक्त आयुक्त राज्य कर सुनील कुमार, उपायुक्त राज्य कर रितेश मिश्र, योगेश द्विवेदी, विकास कृष्ण बंसरा, मो. जुनैद, उद्योग व्यापार संगठन के जिलाध्यक्ष कौशल शर्मा मौजूद रहे।