सोनभद्र। लोक आस्था के महापर्व छठ के दूसरे दिन रविवार को महिलाओं ने खरना पूजा की। मंगल गीत गाते हुए महिलाएं घाटों पर पहुंचीं। छठ पूजा के लिए वेदी बनाई। सूर्य देव को नमन कर आशीर्वाद लिया। घर लौटकर गुड़ की खीर (बखीर) और पूड़ी का भोग लगाया।
प्रसाद खाने के बाद 36 घंटे के निर्जला व्रत का संकल्प लिया। सोमवार को जिले में 60 से ज्यादा घाटों और 40 से ज्यादा सरोवरों के किनारे व्रती महिलाएं अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देंगी। घरों से लेकर घाटों तक छठ की अलौकिक छटा छाई हुई है।
संतान प्राप्ति और आरोग्यता के लिए विशेष मान्यता रखने वाले पर्व के लिए रविवार को पूजन सामग्रियों की खरीदारी के लिए बाजारों में भीड़ उमड़ी रहीं। फल-फूल, गन्ना के साथ सूप-दउरी की जमकर खरीदारी की गई। सामानों की कीमत बढ़ने के बावजूद भी बाजार गुलजार दिखे।
रविवार की शाम घाटों तक पहुंचने के लिए भी भक्तों का रेला उमड़ा। घाट पर पहुंचकर व्रती विधि पूर्वक वेदी का पूजन की। रॉबर्ट्सगंज नगर में रामसरोवर तालाब, अकड़हवा पोखरा, बढ़ौली पोखरा, पुसौली मोहाल स्थित पोखरा, घुवास नहर के तट पर पूजन के लिए वेदी बनी हैं। इसी तरह से बरकरा, देवरी खुर्द समेत ग्रामीण इलाकों में विधि विधान से छठ पूजा हो रहा है।
छठ घाटों पर टेंट लगाने के साथ ही झालर-लाइट सजाने का काम चल रहा है। चोपन: सोन नदी तट पर छठ पूजन की तैयारी पूर्ण कर ली गई है। रविवार को व्रती महिलाएं विधि विधान से वेदी पूजन कर खरना की रस्म निभाई। घाटों पर प्रकाश की व्यवस्था, साफ-सफाई, सुरक्षा की दृष्टि से नाव और गोताखोरों की तैनाती की गई है। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर यहां पुलिस कर्मचारियों की तैनाती की गई है।
विंढमगंज: सतत वाहिनी नदी तट पर रविवार की शाम भगवान भाष्कर का पूजन कर 36 घंटे के कठिन आराधना की शुरुआत की गई। सैकड़ों महिलाओं ने वेदी पूजन कर मुख्य पूजन के लिए अपनी जगह आरक्षित की। सन क्लब सोसायटी की तरफ से यहां पूजा पंडाल, रोशनी के साथ ही श्रद्धालुओं के ठहराव के लिए भी व्यवस्था की गई है।
रविवार से ही यहां छठ मइया के गीतों के साथ ही लोगों की आवाजाही से पूरा इलाका गुलजार हो उठा है। केकराही: क्षेत्र के केकराही, कसया, भरूहा, दिलाही, बहेरा, पटेहरा आदि गांवों में छठ पूजा के लिए रविवार को तैयारियां होती रहीं। छठ घाटों की साफ, सफाई का कार्य पूर्ण कराया जा रहा है। साथ ही टेंट और झालरबत्ती की व्यवस्था की जा रही है। छठ घाटों की सफाई, रंग रोगन, वेदी बनवाने के कार्य में लोग जुटे रहे। करमा पुलिस भी छठ पर्व को सकुशल संपन्न कराने के लिए सुरक्षा व्यवस्था में लगी हुई है।
-
व्रतियों ने की फलों की खरीदारी
सोनभद्र/रेणुकूट। जिला मुख्यालय रॉबर्ट्सगंज के साथ ही ग्रामीण इलाकों में खरीदारों से फल-फूल की दुकानें गुलजार रहीं। छठ पूजा पर फलों की मांग अधिक होने के नाते इसके दाम में भी उछाल आ गया है। नगर के विभिन्न स्थानों पर लोग खरीदारी करते हुए नजर आए। बाजार में 50 रुपये से लेकर 400 रुपये किलो तक के फल बिक रहे हैं। छठ पूजा के लिए गन्ने की मांग अधिक है। रेणुकूट के मुख्य बाजार, पिपरी समेत अन्य क्षेत्रों में फल-फूल सहित पूजा सामग्री की दुकानों पर भारी भीड़ उमड़ी रही। स्थानीय प्रशासन और नगर पंचायतों की ओर से छठ घाटों पर सुरक्षा, साफ-सफाई, रोशनी तथा सुविधाओं की व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं, ताकि श्रद्धालुओं को पूजा अर्चना में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
सूर्य देव का आशीर्वाद लेकर शुरू किया व्रत
दुद्धी। अपराह्न तीन बजे से ही नगर के प्राचीन शिवाजी तालाब, लौवा नदी घाट बीड़र, लौवा नदी घाट मल्देवा, धनौरा, कनहर समेत अन्य घाटों पर श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया। घाटों पर पूजा के वेदी बनाई और भगवान भाष्कर के अस्त होने पहले स्नान कर आराध्य देव की उपासना की। घाट पर सीओ राजेश कुमार राय एवं कोतवाल स्वतंत्र कुमार सिंह, चौकी इंचार्ज जयशंकर राय पुलिस व पीएसी के साथ मौजूद रहे। जय बजरंग अखाड़ा समिति की ओर से स्थापित कंट्रोल रूम से व्यवस्था पर निगरानी होती रही। इस मौके पर रामलीला कमेटी अध्यक्ष कन्हैया लाल अग्रहरि, चेयरमैन कमलेश मोहन, जेबीएस अध्यक्ष पंकज जायसवाल, वरिष्ठ उपाध्यक्ष सुरेन्द्र गुप्ता, कमल कानू, पंकज कुमार बुल्लू, निरंजन अग्रहरि, दीपक जौहरी आदि मौजूद रहे। संचालन रामपाल जौहरी, आलोक कुमार अग्रहरि व अविनाश ने संयुक्त रूप से किया।
-
व्रतियों के लिए पांडू नदी पर बना अस्थाई पुल
फोटो:
कोन। आस्था का महापर्व छठ पूजा कोन में बढ़े ही आस्था के साथ मनाया जा रहा है। एक सप्ताह पहले से ही घाट की साफ-सफाई के साथ पांडू नदी कोन में नदी पार करने के लिए श्रद्धालुओं की तरफ से एक अस्थाई पुल का निर्माण किया गया है। इस पुल से हजारों की संख्या में व्रती महिलाएं पार कर घाट पर पहुंच भगवान भास्कर को अर्घ्य देंगी। हालांकि सड़क की मरम्मत नहीं होने से व्रती महिलाओं को परेशानी का सामना करना पड़ेगा।
-
छठ घाट पर सूर्य मंदिर के लिए हुआ भूमि पूजन
महुली। दुद्धी ब्लॉक के महुली ग्राम पंचायत से होकर बहने वाली मलिया नदी में सूर्य मंदिर निर्माण के लिए रविवार को भूमिपूजन किया गया। महुली के ग्राम प्रधान अरविंद जायसवाल ने विधिवत पूजा कर ग्रामीणों की उपस्थिति में इसका शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि महुली एवं फुलवार ग्राम पंचायत के बीच से होकर बहने वाली मलिया नदी में छठ घाट पर क्षेत्र के हजारों श्रद्धालु छठ करने आते हैं। उन्होंने कहा कि यहां सूर्य मंदिर का निर्माण हो जाने से छठ घाट की छटा और निखरेगी। इस मौके पर छठ समिति के अध्यक्ष वीरेंद्र चौधरी, फुलवार ग्राम प्रधान दिनेश यादव, उपेंद्र श्रीवास्तव, अभय कुमार कुशवाहा, अमरेश कनौजिया, संजय, पंकज गोस्वामी आदि उपस्थित रहे।