केकराही। करमा थाना क्षेत्र के केकराही बाजार के समीप सोमवार की रात करीब डेढ़ बजे राबर्ट्सगंज-मिर्जापुर संपर्क मार्ग पर ओवरटेक कर रहे पिकअप ने टमाटर लदे दूसरे पिकअप में बगल से टक्कर मार दी। घटना में टमाटर लदा पिकअप पलट गया और चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार मिर्जापुर जिले के पड़री थानान्तर्गत बेलवा गांव निवासी राजू (20) पुत्र राम आधार पिकअप चालक है। चालक के अनुसार वह सोमवार को करमा थाना क्षेत्र के पगिया गांव में टमाटर लोड करने आया था। पिकअप में टमाटर लोड करके वह रात करीब एक बजे आगरा के लिए निकला। केकराही बाजार के पास पहुंचा ही था कि पीछे से तेज गति से आ रहा दूसरा पिकअप ओवरटेक करने लगा। ओवरटेक करते समय पिकअप ने टमाटर लदे पिकअप में टक्कर मार दी। इससे अनियंत्रित होकर टमाटर लदा पिकअप सड़क किनारे पलट गया। टमाटर सड़क पर बिखर गया। घटना में पिकअप चालक राजू को गंभीर चोटें आई हैं। करमा थाना प्रभारी देवतानंद का कहना है कि रात में घटना की जानकारी हुई। चालक का केकराही स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार कराया गया। इसके बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।