राबर्ट्सगंज में स्थित मुख्य डाकघर में सोमवार को सपा कार्यकर्ताओं और डाक कर्मियों के बीच हुए विवाद के विरोध में मंगलवार को कर्मचारियों ने कार्यालय में तालाबंदी कर दी। करीब डेढ़ घंटे तक दफ्तर में कामकाज ठप रहा। था। पोस्ट मास्टर रमेश तिवारी के समझाने पर डाककर्मी कार्य काम करने को राजी हुए।
सुबह करीब नौ बजे डाककर्मी कार्यालय में पहुंचे, लेकिन उन्होंने काम करने से इंकार कर दिया। उनका कहना था कि सोमवार को डाकघर में बवाल करने वाले सपा नेताओं के विरुद्ध जब तक कार्रवाई नहीं की जाएगी, तब तक वे विरोध प्रदर्शन करेंगे। उनका कहना था कि अगर बाहर से ताला बंद नहीं किया गया तो सपा कार्यकर्ता न जाने और कितने कर्मचारियों के साथ मारपीट करते।
उधर पोस्टकार्ड लेने, एनएससी बनवाने समेत अन्य कार्यों को लेकर पहुंचे लोग परेशान रहे। करीब डेढ़ घंटे बाद पोस्ट मास्टर ने कर्मचारियों को समझा-बुझाकर उन्हें शांत किया। इसके बाद कर्मचारियों ने काम करना शुरू किया। पोस्टमास्टर रमेश तिवारी ने कहा कि डाकघर में काउंटर का शीशा तोड़ने वाले नेताओं के विरुद्ध पुलिस कार्रवाई करने में आनाकानी कर रही है, इसलिए कर्मचारियों में रोष है। उन्होंने अविलंब काउंटर का शीशा लगवाते हुए उनके विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है। वहीं सीओ सच्चिदानंद का कहना है कि दोनों पक्षों ने तहरीर दे दी है। चौकी इंचार्ज मामले की जांच कर रहे हैं।