जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में बुधवार को सड़क हादसों में पांच वर्षीय मासूम समेत दो लोगों की मौत हो गई। दुद्धी के बीड़र गांव में स्कूल से घर लौटते समय मासूम तेज रफ्तार टीपर की चपेट में आ गया। हादसे से गुस्साए ग्रामीणों ने जमकर हंगामा किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने उन्हें शांत किया। उधर, पन्नूगंज के कसारी मोड़ के बाद बाइक पलटने से उस पर सवार किशोर की जान चली गई।
दुद्धी कोतवाली क्षेत्र के ग्राम बीड़र निवासी संजय कुमार का पुत्र आदित्य (5) बुधवार की दोपहर बाद स्कूल की छुट्टी होने पर घर लौट रहा था। इसी बीच हाथीनाला की तरफ से तेज रफ्तार में आ रही टीपर ने मासूम को रौंद दिया। टीपर से कुचलकर मासूम की मौके पर ही मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक तेज रफ्तार टीपर दूसरे वाहन को ओवरटेक करने की कोशिश में गलत दिशा में चला गया और सड़क किनारे जा रहे बच्चे को कुचल दिया। सड़क पर मासूम के शरीर के अवशेष देख लोगों के रोंगटे खड़े हो गए। माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल था। घटना के बाद ग्रामीणों ने हंगामा मचाया। मौके पर पहुंची पुलिस को शव कब्जे में लेने में कड़ा प्रतिरोध भी झेलना पड़ा।
प्रभारी निरीक्षक श्रीकांत राय ने ग्रामीणों को सख्त कार्रवाई और हरसंभव मदद का आश्वासन देकर शांत कराया। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि चालक समेत वाहन को कब्जे में ले लिया गया है। परिजनों की तहरीर पर केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। उधर, पन्नूगंज थाना क्षेत्र के कसारी मोड़ के समीप बुधवार को अनियंत्रित होकर एक बाइक पलट गई। हादसे में बाइक चला रहा जितेंद्र कुमार (16) पुत्र संतोष कुमार गोंड निवासी कसारी गंभीर रूप से घायल हो गया। जितेंद्र अपने घर से बाइक चलाते हुए कहीं जा रहा था। आसपास के लागों ने परिजनों को सूचना देते हुए घायल को पीएचसी चतरा पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। थाना प्रभारी मनोज सिंह का कहना है कि शव का पोस्टमार्टम कराने की कार्रवाई की जा रही है।
ट्रक और ट्रेलर में भिड़ंत, चालक की मौत
चोपन। हाथीनाला थाना क्षेत्र के हथवानी गांव में रांची-रीवा मार्ग पर बुधवार को ट्रक और ट्रेलर की आमने सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में एक चालक की मौत हो गई, जबकि दूसरा चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। करीब डेढ़ घंटे कड़ी मशक्कत कर पुलिस ने शव को बाहर निकाला। इसके बाद दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को किनारे कराकर आवागमन बहाल कराया।
पुलिस ने बताया कि बुधवार की सुबह करीब 11 बजे हथवानी में राजमार्ग पर हाइवा ट्रक और ट्रेलर की आमने सामने टक्कर हो गई। हाइवा चालक रेणुकूट की तरफ डाला गिट्टी लोड करने आ रहा था, जबकि विपरीत दिशा से ट्रेलर अनपरा जा रहा था। टक्कर इतनी तेज थी कि ट्रेलर चालक श्याम नारायन (45) निवासी डिबुलगंज थाना अनपरा की मौके पर मौत हो गई। शव केबिन में फंस गया। वहीं हाइवा ट्रक का चालक श्रवण (30) निवासी पीपरडीह थाना नगर ऊंटारी झारखंड गंभीर रूप से घायल होकर मदद की गुहार लगाने लगा। हादसे के बाद वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग पर आवागमन ठप हो गया। घटना की सूचना मिलते ही हाथीनाला पुलिस व पीआरवी के जवानों ने मौके पर पहुंच कर घायलों को अस्पताल भिजवाया। लगभग डेढ़ घंटे बाद पुलिस श्यामनारायन का शव बाहर निकाल कर पोस्टमार्टम के लिए सीएचसी दुद्धी ले गई। हाथीनाला थाना प्रभारी श्याम बिहारी ने बताया कि घटना में एक चालक की मौत हुई है जबकि दूसरा चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना में शामिल दोनों को वाहनों को कब्जे में लेकर अग्रिम कार्रवाई की जा रही।