सोनभद्र। परिवहन विभाग ने आवेदकों की सुविधा के लिए ड्राइविंग लाइसेंस (डीएल) बनवाने के लिए टाइम स्लॉट बुक करवाने का समय बदल दिया है। अब डीएल के आवेदक रोजाना सुबह 11 बजे से शाम 07 बजे तक टाइम स्लॉट बुक करा सकेंगे। इसके लिए प्रदेश के सभी आरटीओ, एआरटीओ को आदेश भेज दिया गया है।
जानकारी के अनुसार सूबे के अपर परिवहन आयुक्त आईटी विनय कुमार सिंह ने सभी एआरटीओ समेत अन्य अधिकारियों को डीएल आवेदकों की दिक्कतों को देखते हुए टाइम स्लॉट (नियत समय) लेने का समय बदलने के संबंध में पत्र भेजा है। नई व्यवस्था के तहत डीएल के आवेदक अब प्रतिदिन सुबह 11 बजे से शाम 07 बजे तक सारथी पोर्टल पर जाकर ऑनलाइन टाइम स्लॉट बुक करा सकेंगे। नई व्यवस्था के तहत आवेदकों को अब रात में टाइम स्लॉट बुक कराने के झंझट से छुटकारा मिल गया है। बताते चले कि पूर्व में डीएल बनवाने में लोगों को काफी समस्याओं का सामना करना पड़ता था। कई बार उप संभागीय कार्यालय का चक्कर भी लगाना पड़ता था। लेकिन नई व्यवस्था शुरू होने से काफी राहत मिलेगी। इस संबंध सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी अनिल मिश्रा ने कहा कि डीएल बनवाने की नई व्यवस्था शुरू हो गई है। आरटीओ कार्यालय में डीएल बनवाने के लिए अब टाइम स्लॉट (नियत समय) के साथ ही टोकन लेने की व्यवस्था लागू करने की पहल की जा रही है, ताकि भीड़ को नियंत्रित किया जा सकें।