सोनभद्र। पीएम इंटर्नशिप योजना के तहत आवेदन से चूके अभ्यर्थियों के लिए अभी भी मौके हैं। आवेदन की तिथि अब 22 अप्रैल तक बढ़ा दी गई हैं। इस योजना के तहत जिले में 540 सीटें हैं। सीटों की तुलना में तीन गुना आवेदन का लक्ष्य है, जबकि अभी दोगुने आवेदन ही हुए हैं।
युवाओं को हुनरमंद बनाकर उन्हें रोजगार मुहैया कराने के मकसद से केंद्र सरकार ने पीएम इंटर्नशिप योजना की शुरुआत की है। इसके तहत निजी व पब्लिक सेक्टर की औद्योगिक इकाइयों में आईटीआई व डिप्लोमा धारकों को इंटर्नशिप कराने में सरकार मदद करेगी। इसके बदले उन्हें छह हजार रुपये तक की प्रोत्साहन राशि भी दी जा रही है। कई कंपनियां अपनी ओर से अतिरिक्त प्रोत्साहन राशि भी दे रही हैं। जिले में एनटीपीसी, एनसीएल, हिंडाल्को, लैंको, अल्ट्राटेक सहित विभिन्न कंपनियों में इंटर्नशिप के लिए 540 सीटें सृजित हैं। योजना के तहत एक अभ्यर्थी तीन कंपनियों में एक साथ आवेदन कर सकता है। तमाम कोशिशों के बावजूद अब तक 540 सीटों पर करीब 1100 आवेदन ही आए हैं। शासन ने आवेदन के लिए पहले 31 मार्च की अंतिम तिथि तय की थी। बाद में इसे 15 अप्रैल तक बढ़ाया। अब अंतिम तिथि 22 अप्रैल निर्धारित की गई है। रोजगार के लिए भटकते युवाओं के लिए बाजार की जरूरत के अनुसार खुद को तैयार करने में इंटर्नशिप बड़ा अवसर है, मगर जानकारी के अभाव में वह इससे जुड़ नहीं पा रहे।
-
एक अभ्यर्थी को तीन कंपनियों में आवेदन का मौका
इंटर्नशिप योजना के तहत शासन ने प्रत्येक सीट पर कम से कम तीन आवेदन का लक्ष्य रखा है। इसकी वजह एक अभ्यर्थी को तीन कंपनियों में आवेदन का मौका भी है। अगर कोई अभ्यर्थी किसी एक कंपनी में चयनित होता है तो उसे दो अन्य मौके छोड़ने होंगे। ऐसे में उस सीट को दूसरे दावेदारों के माध्यम से भरा जा सकेगा। जिले में लक्ष्य के सापेक्ष आवेदनों की संख्या काफी कम है।
यह है आवेदनों की स्थिति
योग्यता : स्वीकृत सीट
10वीं: 246
12वीं: 10
स्नातक: 80
डिप्लोमा: 41
आईटीआई: 163
कुल: 540
वर्जन...
पीएम इंटर्नशिप योजना के तहत आवेदन की अंतिम तिथि 22 अप्रैल तक बढ़ा दी गई है। किन्हीं कारणों से जो अभ्यर्थी आवेदन नहीं कर पाए हैं, वह शीघ्र आवेदन कर लाभ ले सकते हैं। -रवींद्र पटेल, प्रधानाचार्य व नोडल राजकीय आईटीआई दुद्धी।