अनपरा में तीन दिवसीय क्रिकेट सीरीज जीतने पर ट्राफी के साथ खुशी का इजहार करती हिंदुस्तान टाइगर्स की टीम
तापीय परियोजना कालोनी के सीआईएसएफ मैदान पर खेली जा रही तीन दिवसीय इंडिया कप क्रिकेट प्रतियोगिता हिंदुस्तान टाइगर्स के नाम रही। शुक्रवार को खेले गए फाइनल मुकाबले में हिंदुस्तान टाइगर्स की टीम ने बंजारा इंडियंस को सात विकेट से हराकर खिताबी जीत दर्ज की। अमित राय और रोशन अली को संयुक्त रूप से मैन आफ द मैच घोषित किया गया।
बंजारा इंडियंस की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 37 ओवर में 172 रन बनाए। अमित राय ने शानदार 75 रनों की पारी खेली। जवाबी पारी खेलने उतरी हिंदुस्तान टाइगर्स के कप्तान रोशन अली ने 47 गेंदों पर 73 रन की आतिशी पारी खेलकर जीत को अपने पाले में कर लिया।
29वें ओवर में तीन विकेट शेष रहते टीम ने जीत दर्ज करने के साथ ही तीन दिवसीय सीरीज अपने नाम कर ली। स्वेताभ पांडेय ने 30 और प्रियेश ने 22 रनों का योगदान दिया। इसके पहले हुए दो मैचों में दोनों टीमों ने एक-एक जीत दर्ज की थी।
निर्णायक मंडल ने अमित राय को सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज, सनी प्रजापति को सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज, रौशन सिंह को अनुशासन, शौर्य सिंह को उभरता हुआ खिलाड़ी और सुनील गुप्ता को मैन आफ द सीरीज के खिताब से नवाजा गया।
आयोजन में अहम भूमिका अदा करने वाले अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी लव वर्मा ने कहा कि इस सीरीज का लक्ष्य है कि छोटे बच्चों की प्रतिभा निखारी जाए। इस मौके पर दीपक शर्मा, कीर्ति शर्मा, विनय सिंह, मनोज सिंह, प्रेम प्रकाश, पिंटू दुबे, संतोष तिवारी, मोनू, अमित, प्रिंस आदि मौजूद रहे।