सोनभद्र। जिले से सटे झारखंड के महुआडांड़ थाना क्षेत्र के ग्राम चंपा में सोमवार की रात 25-30 वर्दीधारी हथियारबंद नक्सलियों ने सड़क निर्माण कार्य में लगे ट्रक समेत चार वाहनों को आग के हवाले कर दिया। नक्सली मजदूरों से ठेकेदार एवं मुंशी का मोबाइल नंबर लेने के बाद फरार हो गए। पड़ोसी राज्य में नक्सली हमले की सूचना मिलते ही यहां की पुलिस अलर्ट हो गई है। सीमावर्ती इलाकों में फोर्स ने सघन कांबिंग शुरू कर दी है। संदिग्धों पर पैनी नजर रखी जा रही है।
खुफिया एजेंसियों से मिली जानकारी के अनुसार छत्तीसगढ़ पुलिस जल्द ही झारखंड बॉर्डर पर माओवादियों के खिलाफ ऑपरेशन प्रहार शुरू करने वाली है। इसके लिए रणनीति बनाई जा चुकी है। चार दिन पहले ही झारखंड से आए नक्सलियों ने छत्तीसगढ़ की सीमा में घुसकर सड़क निर्माण में लगे सात वाहनों में आग लगा दी थी। सोमवार को ही आईजी ने घटनास्थल का जायजा लिया था। रात करीब नौ बजे छत्तीसगढ़-झारखंड बॉर्डर पर झारखंड के महुआडांड़ थाना क्षेत्र के ग्राम चंपा में 20-25 हथियारबंद नक्सलियों ने उत्पात मचाना शुरू कर दिया। उन्होंने महुआडांड़ से चंपा तक सड़क निर्माण कार्य में लगे 4 वाहनों को आग के हवाले कर दिया। एक वाहन पूरी तरह जलकर खाक हो गया, जबकि मजदूरों ने नक्सलियों के जाने के बाद 3 अन्य वाहनों में लगी आग को बुझा दी। सूचना मिलते ही घटनास्थल से करीब चार किमी दूर छत्तीसगढ़ के बलरामपुर थाना क्षेत्र के करौंधा थाना प्रभारी रात में ही दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने मजदूरों से पूछताछ के बाद निर्माण कार्य में लगे अन्य वाहनों को सुरक्षित कैंपस में ले जाकर खड़ा करवा दिया। मजदूरों ने बताया कि नक्सली अपने साथ पेट्रोल भी लेकर आए थे। वारदात में पीएलएफआई संगठन के शामिल होने की बात कही जा रही है।