बाबा बनकर आए ठग बुधवार को नगर क्षेत्र के रामनगर निवासी एक वृद्धा से सोने-चांदी के आभूषण लेकर भाग गए। जीवन में मंगल कराने का झांसा देकर ठगों ने उसके आभूषण उतरवाए और फिर बाइक से फरार हो गए।
पीड़िता की सूचना के बाद पुलिस छानबीन में जुट गई है। रामनगर निवासी मीना देवी (60) पत्नी भगवानदास प्रतिदिन अपने घर से 250 मीटर दूर ठेला वाले होटल पर अपने पुत्र के लिए लंच बॉक्स लेकर हुई थी।
महिला के वापस होते समय बीच रास्ते में रामनगर कबाड़ दुकान के पास एक बाइक सवार रूककर मोतियाबिंद ऑपरेशन कराने को लेकर महिला से नजदीकी हॉस्पिटल संबंधित जानकारी लेने लगे। उसी बीच एक युवक पहुंचा और अपनी जीवन की अनहोनी को बताते हुए बाबा से कुशल-मंगल करने का आग्रह करने लगा।
महिला को अपने जाल में फंसाते हुए बाबा बने ठगों ने खुद को हरिद्वार का बताते हुए प्रार्थना कर धन और लक्ष्मी में बढ़ोतरी का आशीर्वाद देने की बात कही। उनके झांसे में आई महिला को कबाड़ दुकान के पीछे बुलाकर कान के टॉप्स और गले का लाकेट उतरवा कर अपने हाथ में लेते लिए।
कुछ दूर आगे बढ़ने की बात बोलकर बाइक से फरार हो गए। इस पर महिला शोर मचाने लगी। आस-पास के लोगों ने उक्त घटना की सूचना कोतवाली पुलिस को दी। पुलिस सीसीटीवी फुटेज चेक करते हुए उचक्कों की तलाश में जुट गई।