शक्तिनगर क्षेत्र के मृतक -श्याम सुंदर उर्फ राजन (फाइल फोटो)।स्रोत परिजन
शक्तिनगर/दुद्धी। जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में शनिवार की रात हुए दो सड़क हादसों में तीन युवकों की मौत हो गई। वहीं, आठ साल की बच्ची समेत तीन लोग घायल हो गए। दुद्धी में रामलीला देखकर लौट रहे युवक की बाइक सामने से आ रही बाइक से टकरा गई। वहीं, शक्तिनगर में कंटेनर की चपेट में आने से बाइक सवार दो युवकों की जान चली गई।
बड़वानी बीना निवासी राहुल (20) और श्याम सुंदर (25) बाइक से घर लौट रहे थे। शक्तिनगर में प्राइवेट बस स्टैंड के पास बेकाबू कंटेनर ने उनकी बाइक पर जोरदार टक्कर मार दी, जिससे दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
उन्हें संजीवनी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। एसओ रामदरस राम ने बताया कि दोनों शव को पोस्टमार्टम के लिए दुद्धी भेजा गया है। परिजनों की तहरीर पर केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
उधर, दुद्धी क्षेत्र के झारोकला गांव में हादसा हुआ। शनिवार की रात करीब 11 बजे दुम्हान गांव निवासी सोनू (22) और मिथिलेश (25) अपनी बेटी अंजनी (8) के साथ मनबसा से रामलीला देखकर बाइक से घर लौट रहे थे। झारोकला गांव के पास सामने से आ रहे मनबसा निवासी ज़िंदलाल (30) की बाइक से उनकी बाइक में टक्कर हो गई। हादसे में सोनू की मौत हो गई, जबकि मिथिलेश और जिंदलाल गंभीर रूप से घायल हो गए। सीएचसी में प्रारंभिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। कोतवाल स्वतंत्र कुमार सिंह ने बताया कि युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
शक्तिनगर क्षेत्र के मृतक -श्याम सुंदर उर्फ राजन (फाइल फोटो)।स्रोत परिजन
शक्तिनगर क्षेत्र के मृतक -श्याम सुंदर उर्फ राजन (फाइल फोटो)।स्रोत परिजन