घोरावल/मधुपुर/रामगढ़। जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में पिछले 24 घंटे के दौरान हुए सड़क हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन घायल हुए। दो युवकों ने मौके पर तो एक ने जिला अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ा। मंगलवार को पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम कर उन्हें परिजनों के सुपुर्द कर दिया। पहली घटना सदर कोतवाली क्षेत्र के नई बाजार गांव के पास की है। सोमवार की रात करीब साढ़े नौ बजे अज्ञात वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार गोपाल ओझा (40) निवासी खुझ्झा थाना पन्नूगंज घायल हो गए। अस्पताल में उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। जानकारी पर सदर विधायक भूपेश चौबे, बसपा नेता अविनाश शुक्ला समेत अन्य लोग अस्पताल पहुंच गए। गोपाल के दोनों बच्चे नाबालिग हैं। दूसरी घटना घोरावल कोतवाली क्षेत्र के बर्दिया गांव की है। मप्र के सिंगरौली जिले के गढ़वा थाना अंतर्गत खैड़ार गांव निवासी सरोज जायसवाल (30) खरीदारी करने बाइक से घोरावल गए थे। देर शाम वह घर लौट रहे थे। बाइक पर गांव का छोटू (18) बैठा था। बर्दिया में बाइक की टक्कर हिरनखुड़ी गांव निवासी साइकिल सवार राजा (12) और अरुण (10) पुत्र राजकुमार से हो गई। हादसे में बाइक सवार सरोज एक पत्थर से टकरा कर अचेत हो गए। वहीं पीछे बैठा छोटू और साइकिल सवार राजा, अरुण घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को घोरावल सीएचसी पहुंचाया। जहां डॉक्टर ने सरोज को मृत घोषित कर दिया। प्रभारी निरीक्षक गोपालजी गुप्ता ने बताया कि पोस्टमार्टम कराकर शव घरवालों को सौंप दिया गया। उधर, पुलिस चौकी सुकृत क्षेत्र के दो मुंहा पुल के पास मधुपुर-नौगढ़ मार्ग पर सोमवार की देर शाम सुकृत निवासी हीरालाल भारती (21) बाइक से मधुपुर से नौगढ़ की ओर जा रहा था। दो मुंहा पुल के पास अंधा मोड़ होने के कारण किसी अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल युवक की मौके पर ही मौत हो गई। सुकृत चौकी पुलिस ने जेब से मिले कागजात के आधार पर मृतक की शिनाख्त कर परिजनों को सूचना दी।
सड़क हादसे में मृतक - हीरालाल (फाइल फोटो)- फोटो : SONBHADRA