मधुपुर में खाद बीज की दुकान पर जांच करते जिला कृषि अधिकारी डॉ.हरिकृष्ण मिश्र।
- फोटो : SONBHADRA
सोनभद्र। सम्राट सीड कंपनी द्वारा उत्पादित एवं विक्रय किया जा रहा करन वंदना प्रजाति का गेहूं बीज जिले में प्रतिबंधित कर दिया गया है। मंगलवार को जांच के दौरान बीज संदिग्ध पाया गया। वहीं छापेमारी के दौरान दुकान बंद कर भागने वाले दुकानदारों को नोटिस जारी किया गया है। बीज की दुकानों पर जिला कृषि अधिकारी डॉ. हरिकृष्ण मिश्र एवं प्रभारी जिला उद्यान अधिकारी सुनील कुमार शर्मा की संयुक्त टीम ने छापेमारी की। टीम पहले राबर्ट्सगंज तहसील क्षेत्र के मधुपुर कस्बा पहुंची। जहां शुभम बीज भंडार, पार्थ बीज भंडार, आकांक्षा बीज भंडार तथा तनू बीज भंडार के दुकानदार दुकानें बंद कर भाग गए। इस पर इन दुकानदारों को नोटिस जारी किया गया। इसके बाद टीम कृष्णा इंटर प्राइजेज की दुकान पर पहुंची। यहां सम्राट सीड कंपनी द्वारा उत्पादित एवं विक्रय किया जा रहा गेहूं का बीज प्रजाति करन वंदना को संदिग्ध पाया गया। जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि गेहूं की पैकिंग पर करन वंदना एवं प्रमाणीकरण टैग पर करन वी. अंकित था। इसलिए इस कंपनी/ब्रांड के बीज को नमूने की रिपोर्ट आने तक पूरे जिले में विक्रय प्रतिबंधित किया गया। उन्होंने किसानों से इसे न रखरीने की अपील की। जिले भर में कुल 24 प्रतिष्ठानों पर छापेमारी करते हुए पांच नमूने लिए गए जिन्हें राजकीय गुण नियंत्रण प्रयोगशाला भेजा गया। जिला कृषि अधिकारी ने कहा कि किसान बीजों का खरीद विश्वसनीय प्रतिष्ठान से ही करें तथा दुकानदार से बिल अवश्य प्रदान करें। बताया कि इन दिनों रबी सीजन के फसलों की बुआई चल रही है। बुआई के दौरान खाद-बीज की जरूरत होती है। इनकी कालाबाजारी रोकने के लिए छापेमारी की जा रही है।