चोपन थाना क्षेत्र के बलुई बंधी में डूबने से महिला की मौत पर लगी भीड़।
- फोटो : SONBHADRA
सलखन। चोपन थाना क्षेत्र के बलुई बंधी में शनिवार की दोपहर नहाने गईं तीन महिलाएं डूब गई। इस दौरान महिलाओं के शोर मचाने पर वहां मौजूद लोगों ने नाव के सहारे दो महिलाओं को किसी तरह बचाकर बाहर निकाला। जबकि एक महिला गहरे पानी में समा गई, जिससे उसकी मौत हो गई। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने मृत महिला का शव बाहर निकलवाया और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। चोपन के बलुई गांव की तीन महिलाएं शनिवार की दोपहर बलुई बंधी में नहाने गई थीं। तीनों महिलाएं राजकुमारी पत्नी स्व. रामनरेश गौड़, रमावती पुत्री त्रिलोकी गौड़ व मनबसिया (34) पत्नी रामअवतार गौड़ बंधी में नहाने उतरीं। इस दौरान तीन महिलाएं अचानक डूबने लगीं। इस पर उन्होंने शोर मचाना शुरू किया तो वहां मौजूद लोगों ने तीनों को बचाने की कोशिश की। लोगों ने बंधी में ही पड़ी नाव से राजकुमारी व रमावती को सुरक्षित बाहर निकाल लिया लेकिन मनबसिया गहरे पानी में चली गई। लोगों ने फौरन मामले की जानकारी चोपन थाना और गुरमा चौकी पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों के सहयोग से किसी तरह डूबी महिला मनबसिया का शव बाहर निकलवाया और उसे पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। उधर गांव में चर्चा है कि तीनों महिलाएं बंधी में मछली मारने गई थीं। हालांकि मृतका के पति ने पुलिस को दी तहरीर में लिखा है कि उसकी पत्नी नहाने गई थी। इस दौरान पैर फिसलने से वह पानी में डूब गई और उसकी मौत हो गई। सीओ सिटी राजकुमार तिवारी ने बताया कि नहाने गई महिला पैर फिसलने से डूब गई थी। उसका शव निकलवा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजवा दिया गया है।