ओबरा। उमस भरी गर्मी में प्रदेश में बढ़ती बिजली की मांग के बीच बीते 72 घंटों में ओबरा तापीय परियोजना की तीन इकाइयां बंद हो गई। हालांकि एक इकाई को काफी मशक्कत के बाद अभियंताओं ने चालू कर लिया। इकाइयों के बंद होने से बिजली संकट गहरा गया है।
जहां एक ओर तापीय परियोजना की 9वीं इकाई ब्वायलर ट्यूब लीकेज के कारण बीते सोमवार से ही बंद चल रही है। वहीं परियोजना की 200 मेगावाट वाली ग्यारहवीं और तेरहवीं इकाई बुधवार की दोपहर लगभग एक बजे इलेक्ट्रिकल खराबी के कारण बंद हो गई। परियोजना की तीन इकाइयों के बंद होने से परियोजना का बिजली उत्पादन कम हो गया। इकाइयों के बंद होने के बाद अभियंताओं ने युद्धस्तर पर काम शुरू कर दिया। इन सबके बीच बुधवार की देर शाम अभियंताओं ने तेरहवीं इकाई से उत्पादन शुरू करने सफलता हासिल कर ली। वहीं नौवीं और ग्यारहवीं इकाई से उत्पादन शुरू न हो सका। समाचार लिखे जाने तक बृहस्पतिवार की शाम ओबरा तापीय परियोजना की दसवीं इकाई से 140 मेगावाट, बारहवीं इकाई से 118 और तेरहवीं इकाई से 127 मेगावाट बिजली उत्पादन हो रहा था।