बीना पुलिस ने दो अधिकारियों और एक संविदा कंपनी परिसर में हुई चोरी का रविवार को खुलासा कर लिया। पकड़े गए आरोपियों की निशानदेही पर चोरी गए सामानों की बरामदगी भी कर ली। पूछताछ में चोरों ने गिरोह के बारे में कई अहम जानकारियां दी हैं।
आरोपियों की गिरफ्तारी सार्वजनिक करते हुए सीओ पिपरी सितांशु यादव ने बताया कि पिछले माह बीना आवासीय परिसर में कृष्णशिला परियोजना के सीनियर मैनेजर जेपीएन राय, बीईएमएल कंपनी के असिस्टेंट मैनेजर वरुण कुमार और संविदा कंपनी स्वामीनारायण के पंप हाउस से दस हार्सपावर का मोटर चुराए जाने की घटना को गंभीरता से लेते हुए खुलासे के निर्देश दिए गए थे। तभी सूचना मिली कि दो युवक संदिग्ध हाल में बीना कालोनी के अल्फा मोड़ पर मौजूद हैं।
सूचना के आधार पर घेराबंदी कर रात आठ बजे के करीब बेबूराम यादव निवासी बांसी, राहुल यादव निवासी ककरी को दबोच लिया गया। पूछताछ में दोनों ने तीनों चोरियों में अपनी संलिप्तता कबूली और अपने गिरोह के जरिए अनपरा से शक्तिनगर तक कई चोरियां होने का खुलासा किया।
उनकी निशानदेही पर सीनियर मैनेजर के यहां चोरी गए माइक्रोवेव, दो कूकर, चांदी का सिक्का, नक्कासीदार पीतल का हाथी, असिस्टेंट मैनेजर के यहां चोरी गए लैपटॉप, मॉडम, रेबन कंपनी का चश्मा, कलाई घड़ी, साइकल, स्वामीनारायण कंपनी के पंप हाउस से चोरी गए मोटर आदि को बरामद कर लिया।
सीओ ने बताया कि इन दोनों के साथ ही पूर्व में पकड़े जा चुके विकास, कमलेश, संजय आदि मिलकर परिक्षेत्र में चोरियां करते थे। गिरोह के कुछ और सदस्यों के नाम पता चले हैं, जिनकी तलाश शुरू कर दी गई है।