दुद्धी कोतवाली क्षेत्र के गोहड़ा गांव के पास से पुलिस को सफलता मिली है। जंगल के रास्ते तस्करी को अंजाम देने जा रहे थे इसी दौरान पुलिस ने घेरा डालकर तीन तस्करों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस इनसे पूछताछ कर रही है।
जंगल के रास्ते तस्करी कर झारखंड ले जाए जा रहे 35 पशुओं को दुद्धी कोतवाली पुलिस ने शनिवार को मुक्त कराया। तीन तस्करों को भी गिरफ्तार किया गया है। ग्रामीणों की सूचना पर सतर्क हुई पुलिस ने घेरेबंदी कर तस्करों को पकड़ा।
विज्ञापन
दुद्धी कोतवाली अंतर्गत अमवार चौकी क्षेत्र के गोहड़ा गांव में बड़े पैमाने पर पशुओं को झारखंड की ओर ले जाने की सूचना देर रात पुलिस को मिली थी। कोतवाल मनोज कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस ने घेरेबंदी की। इस दौरान जंगल के रास्ते झारखंड सीमा की ओर जा रहे पशु नजर आए। पुलिस ने उन्हें ले जा रहे तीन तस्करों को पकड़ लिया।
उनकी पहचान झारखंड के धुरकी थाना क्षेत्र के सफीउद्दीन, अकलू साव और विंढमगंज के बरखोहरा निवासी भरत यादव के रूप में हुई। उनके अन्य साथी अंधेरे का लाभ उठाते हुए फरार हो गए। एएसपी ऑपरेशन त्रिभुवन नाथ त्रिपाठी ने बताया कि वध के लिए तस्करी कर ले जा रहे 35 पशुओं को मुक्त कराते हुए तीन तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।
विज्ञापन
पशुओं को बीजपुर, बभनी के जंगलों के रास्ते से झारखंड की ओर ले जाया जा रहा था। पुलिस मुकदमा दर्ज कर जांच में जुट गई है। तस्करी में संलिप्त अन्य सदस्यों की भी तलाश की जा रही है।