ऊर्जांचल में रविवार को अलग-अलग जगहों पर हुई बाइकों की सीधी भिड़ंत में तीन लोगों की मौत हो गई। जबकि छह घायल हो गए। बीजपुर थाना क्षेत्र के जरहां ग्राम पंचायत के पोथीपाथर टोला में रविवार की शाम साढ़े तीन बजे दो बाइकों में सीधी टक्कर हो गई। हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि चार घायल हो गए। दोनों बाइक सवारों में किसी ने हेलमेट नहीं पहने थे। घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। शव पीएम के लिए सीएचसी दुद्धी भेजे गए हैं।
बभनी थाना क्षेत्र के बड़होर निवासी देवकुमार (28) किसी काम से बीजपुर आया था। यहां से अपने रिश्तेदारी के सुनीता (18) और सुनीता भारती (20) को बाइक पर बैठाकर रेणुकूट जा रहा था। वहीं शत्रुघ्न (45) निवासी सरना, थाना रघुनाथपुर, जिला सरगुजा, छत्तीसगढ़, दयाशंकर (30), पूजा (10) निवासी पुनर्वास गांव बीजपुर को बाइक से लेकर बीजपुर आ रहा था।
रेणुकूट-बीजपुर मार्ग पर दोनों जैसे ही पोथीपाथर टोला के पास पहुंचे सीधी टक्कर हो गई। इससे देवकुमार और शत्रुघ्न की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि शेष घायल हो गए। वहीं दूूसरी तरफ सिंगरौली जिले के सरई थाना क्षेत्र के इटमा गांव में रविवार सुबह नौ बजे दो बाइकें आपस में टकरा गई। इसमें इटमा निवासी रामचंद्र जायसवाल (20) की मौत हो गई। रामचंद्र किसी काचम से बाइक लेकर अपने इलाके में ही निकला हुआ। गांव की सड़क पर जैसे ही आगे बढ़ा,सामने से आ रही दूसरी बाइक से उसकी भिड़ंत हो गई और मौके पर ही मौत हो गई। वहीं दुर्गा प्रसाद जनक (25) निवासी गड़ई और गजाधर जायसवाल (45) निवासी इटमा घायल हो गए। दोनों को बैढ़न जिला अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर है।