सोनभद्र। जिला संयुक्त चिकित्सालय से उपचार कराकर घर लौट रहे वृद्ध को ऑटो में बैठाकर लूट के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए सदर कोतवाली पुलिस ने तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया है। लूट में शामिल आटो को भी कब्जे में लिया है।
सदर कोतवाली क्षेत्र के चुर्क-गुर्मा नगर पंचायत के वार्ड नंबर एक निवासी चंद्रिका राम 20 जुलाई को जिला अस्पताल में उपचार कराने गए थे। दवा लेने के बाद बाहर निकले तो गेट पर मौजूद एक ऑटो चालक ने उनसे चुर्क मोड़ तक जाने की बात कह ऑटो में बैठा लिया। रास्ते में ऑटो चालक ने छपका के पास अपने दो अन्य साथियों को भी बुला लिया। पंचमुखी महादेव मंदिर के सामने पहुंचने पर तीनों बदमाशों ने उसकी जेब में रखे 5500 रुपये डरा-धमकाकर लूट लिया। पैसे लूटने के बाद बदमाश चुर्क न जाकर वापस राबर्ट्सगंज की ओर चले आए। फ्लाईओवर के पास उसे उतारकर जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। पुलिस तीन अज्ञात बदमाशों पर केस दर्ज कर छानबीन में जुटी थी। इस बीच सदर कोतवाल मनोज कुमार सिंह, चौकी इंचार्ज चुर्क आशीष कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मंगलवार को घटना में शामिल तीन बदमाशों को उरमौरा के पास से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार बदमाशों की पहचान पन्नूगंज थाना क्षेत्र के रामगढ़ निवासी बबलू सोनी, सदर कोतवाली क्षेत्र के देवरी निवासी अजय कुमार और चुर्क निवासी विकास बियार के रूप में हुई। पूछताछ के बाद उन्हें संबंधित धाराओं में जेल भेज दिया गया। कोतवाल ने बताया कि पकड़े गए तीनों लुटेरे ऑटो लूट गैंग के सक्रिय सदस्य हैं। एसपी डाॅ. यशवीर सिंह ने बताया कि पकड़े गए तीनों लुटेरे 20 जुलाई को हुई लूट की वारदात के साथ ही पूर्व में चोपन सहित अन्य क्षेत्रों में इस तरह की वारदात को अंजाम दे चुके हैं। उनके गिरोह में शामिल अन्य लोगों की भी पहचान कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
आरोेपी की तलाश में दिनभर भटकती रही बिहार पुलिस
सोनभद्र। बिहार में हुई एक वारदात में शामिल युवक की तलाश में बिहार पुलिस मंगलवार को सोनभद्र पहुंची। एक बड़े प्रकरण को लेकर सदर कोतवाली से जानकारी ली। कोतवाली में सूचना देने के बाद बिहार पुलिस के एसआई, हेड कांस्टेबल सहित छह सदस्यीय टीम कस्बा चौकी पहुंची। जहां से जरूरी जानकारी लेते हुए दिन भी राबर्ट्सगंज नगर में एक आरोपी को ढूंढ़ती रही। हालांकि टीम को देरशाम तक कोई खास कामयाबी नहीं मिल सकी।