सोनभद्र। ब्लॉक में ठेका दिलाने का झांसा देकर युवक से तीन लाख रुपये छीनने के आरोप में बभनी के ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि समेत चार के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। वाराणसी के बड़ागांव निवासी वेद प्रकाश यादव ने एसपी को प्रार्थना पत्र देकर बताया कि ब्लॉक प्रमुख बभनी के प्रतिनिधि जितेंद्र कुमार सिंह उर्फ राजन सिंह, उनके ड्राइवर लकी सिंह, गनर धीरू सिंह व वीरू सिंह ने इंटरलॉकिंग का काम दिलाने के बहाने तीन लाख रुपये लिए, लेकिन काम नहीं मिला। पैसा वापस मांगा तो जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। संवाद