सोनभद्र। कुरछा गांव में हुई हत्या के मामले में परिजनों ने बताया कि हत्या के चार दिन पहले ही मृतक ने हत्या की आशंका जाहिर करते हुए थाने पर तहरीर दी थी। मृतक की पत्नी मंती ने बताया कि उसके सामने ही पति की हत्या कर दी गई। उसे भी आरोपियों ने दौड़ा लिया। बताया कि जुलाई माह में आरोपी घर पर आए और जमीन अपने नाम कराने का दबाव बनाने लगे। इस पर सुखलाल ने यह कहते हुए जमीन देने से मना कर दिया कि मेरे बेटे नहीं हैं तो मैं अपनी जमीन अपनी तीन बेटियों को दूंगा। इससे नाराज होकर दो जुलाई को उन्होंने पति-पत्नी की बुरी तरह से पिटाई कर दी। जुगैल पुलिस को तहरीर दी, मगर कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद सात जुलाई को एसपी को प्रार्थना-पत्र सौंपा। वहीं फिर से थाने पर तहरीर दी। मामूली धाराओं में केस दर्ज किया। एक महीने बाद आरोपियों को पुलिस ने पकड़ा, लेकिन थाने से ही छोड़ दिया। इसके बाद वे लगातार धमकी दे रहे थे। डरकर मृतक ने अपने दामाद के साथ 17 अक्तूबर को थाने पहुंच प्रार्थना-पत्र दिया। बावजूद पुलिस न तो घर आई न किसी तरह की कार्रवाई की।
हत्यारों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की तीन टीमें गठित
चोपन। जुगैल थाना क्षेत्र के कुरछा गांव में शुक्रवार की शाम वृद्ध की कुल्हाड़ी से हत्या के मामले में पुलिस की तीन टीमें गठित की गई हैं। हत्यारों की तलाश में तीनों टीम अलग-अलग दबिश दे रही हैं। इस बीच पुलिस ने पूछताछ के लिए उनके परिवार के दो सदस्यों को हिरासत में लिया है। पुलिस का दावा है शीघ्र ही हत्यारों को गिरफ्तार करते हुए घटना का पर्दाफाश किया जाएगा।
जुगैल के कुरछा गांव में शुक्रवार की देर शाम घर में घुसकर सुखलाल (60) की हत्या कर दी गई थी। घटना के पीछे जमीन से जुड़ा पुराना विवाद और जादू-टोने का शक बताया जा रहा है। सीओ ओबरा चारू द्विवेदी ने बताया कि जुगैल एसओ रामदरश, चोपन एसओ विश्वनाथ प्रताप सिंह व जुगैल के एसआई जितेंद्र यादव के नेतृत्व में टीम आरोपियों की तलाश में लगी है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। बताया कि मृतक सुखलाल के साथ आरोपियों का पुराना विवाद था। छानबीन में पता चला है कि इसी बीच उनके परिवार में एक बच्चे की मौत भी हो गई थी, जिसे लेकर वह सुखलाल पर जादू-टोना करने का शक करते थे।