सोनभद्र। त्योहारी सीजन में खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की ओर से लगातार अभियान चलाया जा रहा है। सोमवार को घोरावल क्षेत्र में अभियान चलाकर तीन किलो खोवा और 20 किलो चीनी की मिठाई नष्ट कराई गई। खाद्य पदार्थ के चार नमूने भरे गए।
सहायक आयुक्त (खाद्य)-द्वितीय के निर्देशन में अभियान चलाकर खाद्य पदार्थ खोवा, पनीर, दूध एवं दुग्ध पदार्थ से निर्मित मिठाइयां, नमकीन, ड्राई फ्रूट, खाद्य तेल आदि की जांच कर सैंपल भरे जा रहे हैं। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने घोरावल के औराही सरवट स्थित खोवा निर्माण इकाई से खोवा का एक नमूना लिया। तीन किलो खोवा नष्ट कराया गया। पनीर का एक नमूना लिया। घोरावल बाजार में राेड किनारे धूल व मक्खी युक्त चीनी की मिठाई करीब 20 किलो नष्ट कराई गई। इसके अतिरिक्त घरमौली कनेटी स्थित एक-एक प्रतिष्ठान से दूध व खोवा का नमूना लिया गया। संग्रहित सभी नमूनों को जांच के लिए खाद्य विश्लेषक को भेजा गया है। खाद्य विश्लेषक की रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। टीम में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी रामसुंदर प्रसाद, बीएस मंगलमूर्ति, शरद पाल शामिल रहे।