सोनभद्र। नियमों की अनदेखी कर संचालित तीन निजी अस्पतालों को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सील कर दिया है। बिना रेडियोलॉजिस्ट संचालित एक डायग्नोस्टिक सेंटर को भी बंद कराया।
सीएमओ डॉ. अश्वनी कुमार ने बताया कि निजी अस्पताल व अल्ट्रासाउंड केंद्रों के नोडल अधिकारी एसीएमओ डॉ. जीएस यादव ने निरीक्षण के दौरान कई अस्पतालों में मानकों का उलंघन पाया था। पटवध में संचालित महावीर हॉस्पिटल बिना रजिस्ट्रेशन के संचालित मिला था। सदर कोतवाली क्षेत्र के तीनताली में संचालित सम्राट हॉस्पिटल में निरीक्षण के दौरान कोई डॉक्टर नहीं मिला।
पूर्व में निरीक्षण में वहां कोई डॉक्टर नहीं मिला था। उरमौरा स्थित एक अन्य अस्पताल में भी खामियां पाई गई। तीनों अस्पतालाें को सील करते हुए रजिस्ट्रेशन निरस्त करने की कार्रवाई की जा रही है। वहीं म्योरपुर स्थित अदिति डायग्नोस्टिक सेंटर में लंबे समय से रेडियोलॉजिस्ट न होने के कारण डायग्नोस्टिक सेंटर को बंद करा दिया गया है।
अप्रशिक्षित कर रहा था गर्भवती का आपरेशन फोटो वायरल
जिले के निजी अस्पताल में अप्रशिक्षित हाथों से गर्भवती के ऑपरेशन का फोटो वायरल हुआ है। फोटो में उसके साथ एक अन्य महिला चिकित्सक भी है। वायरल फोटो सोशल मीडिया अकाउंट पर शेयर रील का है। मामले में स्वास्थ्य विभाग के अफसर जांच कराने की बात कह रहे हैं।