सोनभद्र। चोपन थाना क्षेत्र के बग्घानाला के समीप वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग पर बृहस्पतिवार की शाम मुठभेड़ के दौरान पुलिस ने बोलेरो सवार तीन हेरोइन तस्करों को गिरफ्तार कर लिया। तस्करों के कब्जे से एक रिवाल्वर, 15 कारतूस और एक किग्रा हेरोइन मिली। आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर चालान कर दिया गया। यह जानकारी शुक्रवार को पुलिस लाइन चुर्क के सभागार में अपर पुलिस अधीक्षक ओपी सिंह ने पत्रकार वार्ता में दिया।
उन्होंने बताया कि बृहस्पतिवार की शाम करीब सवा सात बजे मुखबीर ने पुलिस को सूचना दी कि मिर्जापुर से बोलेरो से तीन व्यक्ति भारी मात्रा में हेरोइन लेकर चोपन के रास्ते से रेणुकूट की तरफ जा रहे हैं। चोपन थानाध्यक्ष नवीन तिवारी, स्वाट टीम प्रभारी प्रवीण सिंह, एसओजी प्रभारी ज्ञानेन्द्र सिंह, प्रभारी सर्विलांस सरोजमा सिंह ने बग्घानाला के पास घेराबंदी कर मारकुंडी की ओर से डाला की तरफ जा रही एक बोलेरो को रोका। पुलिस को देखते ही बोलेरो में सवार एक युवक रिवाल्वर से फायरिंग करते हुए साथियों के साथ पैदल भागने लगा। पुलिस कर्मियों ने खुद का बचाव करते हुए बगैर फायरिंग किए तीनों को धर दबोचा। पकड़े गए विजय पटेल निवासी पकरा थाना चिल्ह जनपद सिवान बिहार, हाल पता सूरज ढ़ाबा बग्घानाला थाना चोपन के पास से एक रिवाल्वर, 15 कारतूस मिला। मो. मुस्ताक निवासी कन्हौरी थाना महुआ जनपद वैशाली विहार और मिश्री लाल प्रजापति निवासी डिबुलगंज थाना अनपरा की निशानेदही पर बोलरो की सीट के नीचे छिपा कर रखी एक किग्रा हेरोइन बरामद हुई। अंतर्राष्ट्रीय बाजार में हेरोइन की कीमत करीब दो करोड़ रुपये आंकी गई है। एसपी आशीष श्रीवास्तव ने पुलिस टीम को उत्साहवर्धन करते हुए 15 हजार का नगद पुरस्कार दिया है।