कोन। थाना क्षेत्र के चकरिया चौकी अंतर्गत तरिया क्षेत्र के पिंडारी और चकरिया दोहर में बुधवार की शाम कुत्ते ने दरवाजे पर खेल रहे तीन मासूम बच्चों को काट लिया। बच्चों के चीखने पर परिजन मौके पर पहुंचे और उन्हें इलाज के लिए कोन सीएचसी ले जाने लगे। लगातार बारिश के कारण सोन नदी में आई बाढ़ से रास्ते में पानी भरने के कारण बच्चों को कंधे पर लेकर लंबी दूरी तय करना पड़ा।
कुत्ते के हमले में पिंडारी निवासी शिवम कुमार (5), चांदनी (9) और विशाल (4) जख्मी हुए हैं। तीनों का मेडिकल कॉलेज लोढ़ी में उपचार चल रहा है। बता दें कि रानीडीह गुप्ता धाम के पास पटवध-बसुहारी मार्ग पर करीब तीन फीट पानी भर गया था। ऐसे में परिजन बच्चों को कंधे पर बैठाकर पानी पार कराने के बाद देर रात किसी तरह कोन सीएचसी पहुंचे। यहां प्राथमिक उपचार और एंटी रेबीज का एक इंजेक्शन लगाने के बाद तीनों बच्चों को मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। परिजनों ने बताया कि सोन नदी का पानी सड़क पर भर जाने के साथ ही गांव की कच्ची सड़कें भी कीचड़ से सनी हुई हैं। इससे बच्चों को अस्पताल पहुंचाने में काफी दिक्कत हुई। कोन सीएचसी अधीक्षक डॉ. जेपी सिंह ने बताया कि तीनों बच्चों को प्राथमिक उपचार के साथ एक एंटी रेबीज इंजेक्शन लगाया गया है। दूसरा इंजेक्शन जिला अस्पताल में लगाया जाएगा।