अंबिकापुर-बभनी मार्ग पर खोतोमहुआ मोड़ के पास बुधवार की रात वाहन चेकिंग के दौरान कार से एक क्विंटल गांजा ले जा रहे तीन लोगों को बभनी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस को एक आरोपी के पास से तमंचा और कारतूस भी मिला है। गांजा उड़ीसा से हरियाणा ले जाया जा रहा था। गुरुवार को दो आरोपियों का एनडीपीएस और एक अन्य का आर्म्स एक्ट में चालान कर दिया गया। कार को भी पुलिस ने सीज कर दिया है।
पुलिस बल के साथ बुधवार की रात आठ बजे बभनी के एसओ अशोक सिंह यादव अंबिकापुर-बभनी मार्ग पर खोतोमहुआ मोड़ के पास वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी बीच सफेद रंग की एक कार अंबिकापुर से आती दिखाई पड़ी, जिसे पुलिस वालों ने रोकना चाहा तो चालक ने स्पीड बढ़ा दी। शक होने पर पुलिस वालों ने कार का पीछा कर उसे पकड़ लिया। तलाशी के दौरान डिग्गी में दो बोरे में रखा 20 पैकेट गांजा (एक क्विंटल) बरामद किया गया। पुलिस ने कार सवार तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया। इनमें बिहार के गोपालगंज जिला अंतर्गत करनपुरा गांव निवासी राहुल कुमार के पास से एक तमंचा और दो कारतूस भी मिले। दो अन्य आरोपियों में हरियाणा के जगदारी जिला अंतर्गत यमुनानगर निवासी वीरेंद्र कुमार और बिहार के गोपालगंज जिला अंतर्गत बसडीहा गांव निवासी राहुल मिश्रा शामिल हैं। पुलिस टीम में एसआई अवधेश यादव, एसआई राजेंद्र यादव, कांस्टेबल मेराज, जयशंकर और रवींद्र यादव शामिल रहे।