चोपन/दुद्धी। पिछले 24 घंटे के अंदर तीन स्थानों पर हुए तीन हादसों में पॉलिटेक्निक के छात्र समेत तीन की मौत हो गई। एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे चोपन सीएचसी में भर्ती कराया गया है। दो घटनास्थलों के बीच सिर्फ ढाई किमी की दूरी थी। पुलिस शव कब्जे में लेकर छानबीन में जुट गई है।
पहली घटना सिंदुरिया पेट्रोल पंप के पास बुधवार रात की है। जुगैल थाना क्षेत्र के गोठानी गांव निवासी पंकज गिरि (32) पुत्र सुरेश गिरी दिव्यांग था। वह ट्राईसाइकिल से बुधवार की रात करीब साढ़े आठ बजे चोपन से गोठानी जा रहा था। रेणु नदी पर पुल के पास विपरीत दिशा से आ रहे किसी वाहन ने उसे चपेट में ले लिया। हादसे में पंकज गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने उसे चोपन सीएचसी पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। दूसरी घटना बृहस्पतिवार की सुबह करीब साढ़े आठ बजे की है। रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के ग्राम चकरा निवासी सुधांशु यादव (19) सिंदूरिया पॉलिटेक्निक कॉलेज का छात्र था। वह अपने साथी आमडीह निवासी आकाशदीप मौर्य के साथ बाइक से परीक्षा देने कॉलेज जा रहा था। सोन नदी पर बने पुराने पुल के पास हाइवा ने बाइक को चपेट में ले लिया। सुधांशु का सिर हाइवा के नीचे आ गया। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। बाइक पर पीछे बैठे आकाशदीप को भी चोट आई। उसे राहगीरों की मदद से चोपन सीएचसी पहुंचाया गया। छात्र के शव को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने हादसे के बाद हाइवा को कब्जे में ले लिया। घटना की सूचना पर परिजन भी अस्पताल पहुंचे। बेटे की मौत से उनका रो-रोकर हाल बेहाल था।
दुद्धी कोतवाली क्षेत्र के जाबर गांव में बृहस्पतिवार की देर शाम अनियंत्रित बाइक की चपेट में आने से एक किसान की मौत हो गई। वार्ड नंबर तीन निवासी श्रीकांत अग्रहरि (48) शाम करीब छह बजे अपने खेत से बाहर निकलकर सड़क पर आए। इसी दौरान अनियंत्रित बाइक सवार ने टक्कर मार दी। उन्हें गंभीर चोट आई। श्रीकांत को दुद्धी सीएचसी ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। बाइक चालक को पकड़कर पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। वह नशे में बताया जा रहा है। कोतवाल मनोज सिंह ने बताया कि बाइक चालक को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
ट्रक की चपेट में आने से महिला घायल, चालक को पकड़ा
चोपन। जुगैल थाना अंतर्गत बिजौरा गांव के समीप कुड़ारी मार्ग पर ट्रक की चपेट में आने से महिला घायल हो गई। हादसे के बाद भाग रहे ट्रक को चोपन बैरियर के पास पकड़ लिया गया है। आरोप है कि चालक नशे में था। पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया है।
बिजौरा गांव निवासी गुलाबी देवी (50) सड़क के किनारे खड़ी थी। इसी दौरान तेज गति से आ रहे ट्रक ने उसे चपेट में ले लिया। घटना में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। भीड़ जुटती देख चालक ट्रक लेकर भागने लगा। ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना देते हुए पीछा शुरू किया। चोपन बैरियर के बाद ट्रक को रोककर पुलिस ने चालक को हिरासत में ले लिया। उधर, घायल महिला को चोपन सीएचसी में भर्ती कराया गया। ट्रक चालक ईंट उतारकर चोपन की तरफ लौट रहा था।