ओबरा। मिर्जापुर मंडल के कमिश्नर योगेश्वर राम मिश्र ने एडीएम व खान अधिकारी के साथ शनिवार की दोपहर बिल्ली मारकुंडी खनन क्षेत्र का निरीक्षण किया। कमिश्नर के पहुंचने की खबर मिलते ही कई खदानों में कामकाज ठप कर दिया गया।
विंध्याचल मंडल के कमिश्नर योगेश्वर राम मिश्र से बिल्ली-मारकुंडी खनन क्षेत्र में मानकों को दरकिनार कर कई खदानों में खनन की शिकायत की गई है। इसपर शिकायतों की जांच भी जारी है। इस बीच शनिवार को ओबरा क्षेत्र में निरीक्षण के लिए कमिश्नर स्वयं पहुंच गए। बिल्ली मारकुंडी खनन क्षेत्र में लगभग 40 मिनट रहकर खदानों की वास्तविक ऊंचाई, गहराई, चौड़ाई का निरीक्षण किया। उन्होंने कुछ खदानों की भौगोलिक परिस्थितियों का अवलोकन भी किया। टीम में एडीएम सहदेव मिश्रा, तहसीलदार ओबरा सुशील कुमार, ओबरा सीओ शंकर प्रसाद, जिला खान अधिकारी आशीष कुमार, ओबरा थाना प्रभारी मिथिलेश कुमार मिश्रा, सर्वेयर योगेश शुक्ला सहित क्षेत्रीय लेखपाल अरुणोदय पांडेय रहे। उधर खदानों में कमिश्नर के पहुंचने की भनक लगते ही कई पट्टा धारक और क्रशर प्लांट संचालक कामकाज ठप कर फरार हो गए थे। उनके जाने के बाद सभी ने राहत की सांस ली।