घोरावल। कोतवाली क्षेत्र के कोलिया घाट की पहाड़ी पर कोरट-शिल्पी मार्ग पर शनिवार की सुबह युवक का शव देख सनसनी फैल गई। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। युवक के परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है।
शनिवार की सुबह करीब आठ बजे कुछ राहगीरों ने घोरावल-कोरट-शिल्पी मार्ग पर कोलियाघाट की पहाड़ी में एक व्यक्ति का पड़ा देखा। ग्रामीणों ने उसकी पहचान समरेश पाल (47) पुत्र सिरोधन पाल निवासी ग्राम बरवाडीह नौडिहवा चौकी, थाना गढ़वा, जिला सिंगरौली मप्र के रूप में की। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक गोपालजी घटनास्थल पर पहुंच गए। पुलिस के मुताबिक गांव में ही एक व्यक्ति के खेत पर खून से सना एक गमछा मिला है। समरोश की बेटी ने पुष्टि की है कि गमछा उसके पिता का है। रास्ते में कई जगह खून के छींटे भी पड़े थे। समरेश पाल के भाई लाल प्रताप पाल के मुताबिक शुक्रवार की देर शाम घर से कुछ दूरी पर हरिजन बस्ती में शाम सात बजे समरेश गया था। लाल प्रताप खाना खाने घर चला गया, जबकि समरेश वहां भेड़ की देखरेख करने लगा। लाल प्रताप के लौटने पर समरेश घर के लिए निकला लेकिन घर नहीं पहुंचा। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक गोपालजी ने बताया कि मृतक की शिनाख्त हो गई है और उसके शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम की रिपोर्ट आने के बाद मृतक के परिजनों की तहरीर के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।