राबर्ट्सगंज के जिला पंचायत कार्यालय रोड पर स्थित ओवरहेड टंकी का वॉल कट जाने के कारण बुधवार को सुबह हजारों लीटर पानी बह गया। कर्मचारी पानी बहाने के बाद वॉल ठीक करने में जुटे रहे। शाम तक मरम्मत कार्य पूरा करके पानी सप्लाई शुरू होने की उम्मीद है।
नगर पालिका परिषद सोनभद्र प्रशासन की तरफ से राबर्ट्सगंज नगर स्थित जिला पंचायत कार्यालय रोड पर ओवरहेड टंकी का निर्माण किया गया है। ओवरहेड टंकी की क्षमता करीब दस हजार लीटर की है। टंकी का वॉल कटने से बुधवार को सुबह पानी की सप्लाई नहीं हो सकी। वहीं पानी का रिसाव होने लगा। रिसाव के चलते ओवरहेड टंकी में भरा करीब दस हजार लीटर पानी बह गया। मौके पर मौजूद नगर पालिका के मिस्त्री और कर्मचारियों ने बताया कि पानी बहने के बाद ही वॉल ठीक किया जा सकेगा। वॉल ठीक करने के बाद पानी ओवरहेड टंकी में भरा जाएगा। वहीं इस संबंध में जलकल प्रभारी विमलेश से बात करने पर उन्होंने बताया कि ओवरहेड टंकी की सफाई कराई जा रही है। टंकी की सफाई व अन्य कार्य कराकर पानी की सप्लाई शुरू कर दी जाएगी।