राबर्ट्सगंज लोक निर्माण कालोनी चोरो द्वारा तोड़ी गई आलमारी।
- फोटो : SONBHADRA
बभनी थाने के समीप स्थित बीआरसी के बगल में शनिवार की रात को चोरों ने एक बंद मकान को निशाना बना दिया। चोरों ने सोने-चांदी के आभूषण समेत अन्य सामानों पर हाथ साफ कर पुलिस की चुस्ती की पोल खोल कर रख दी। घटना के वक्त घर पर कोई नहीं था। मकान मालिक सपरिवार पुराने मकान में थे। रविवार को पीड़ित ने घटना की सूचना पुलिस को दी।
बभनी थाने से कुछ दूरी पर रहने वाले पूर्व ग्राम प्रधान प्रतिनिधि नंदलाल ने बताया कि 12 अप्रैल को उनका चौदह वर्षीय पुत्र सड़क हादसे में घायल हो गया था। ट्रामा सेंटर वाराणसी में घायल बेटे की इलाज के दौरान मौत हो गई। बेटे का अंतिम संस्कार करने के पश्चात पिता की मृत्यु हो गई। पिता की मौत के बाद वह सपरिवार पुराने मकान में रह रहे थे। शनिवार की रात बंद मकान में चोरी हो गई। रविवार की सुबह एक व्यक्ति बंधे के समीप नित्यक्रिया करने के लिए गया तो वहां पर एक सूटकेस पड़ा था। सूटकेस में नंदलाल के पहचान पत्र होने पर उन्हें सूचना दी। नंदलाल ने बताया कि चोर बक्से में कपड़े के नीचे रखे सोने का मंगलसूत्र, झूमका, चांदी के कई जेवर, 50 हजार नकद समेत अन्य सामान ले गए हैं। उन्होंने बताया कि घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है। उधर घटना की जानकारी मिलते ही फोर्स के साथ दरोगा रामायण राम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर उच्चाधिकारियों को मामले से अवगत कराया।