रामगढ़। पन्नूगंज थाना क्षेत्र के सहदेईया गांव में घर में घुसकर चोरों ने लाखों का माल उड़ा दिया। दिनदहाड़े घटना को अंजाम देते हुए चोर 1.35 लाख नकदी, सोने-चांदी के आभूषण सहित अन्य कीमती सामान उठा ले गए। गृह स्वामी ने यह सामान 20 दिन बाद होने वाली बेटी की शादी के लिए जुटाए थे। बुधवार को पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छानबीन की।
सहदेईया गांव निवासी किसान शिव प्रसाद पांडेय ने बताया कि उनकी बड़ी बेटी की शादी दो मई को होनी है। इसी की तैयारी के सिलसिले में मंगलवार की सुबह वह पत्नी के साथ अपने दूसरे घर जमगांव गए थे। देर शाम वह घर लौटे तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा था। अंदर कमरे में रखे बक्से का ताला तोड़कर उसमें रखा लगभग 1.35 लाख नकद, चार सोने की अंगूठी, दो जोड़ी चांदी का पायल, सोने की बाली, आठ महंगी साड़ी सहित अन्य कीमती सामान गायब था। शिव प्रसाद ने बताया कि आगामी 2 मई को बड़ी पुत्री प्रिया की शादी होनी है। इसके लिए सोमवार को ही सामान की खरीदारी की गई थी। उन्हें दो पुत्रियां और एक पुत्र है। सभी बाहर पढ़ाई करते हैं। बुधवार को पीड़ित ने थाने में तहरीर दी। प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार ठाकुर ने बताया कि सूचना मिली है। मौके पर पहुंचकर जांच कर चोरों की तलाश की जा रही है।