सोनभद्र। सदर कोतवाली क्षेत्र के बिचपई मोहाल में सोमवार की रात भाजपा नेता के घर में ताला तोड़कर चोरी किए जाने का मामला सामने आया है। इसी घर में एक साल पहले भी चोरी हुई थी। पुलिस इसका खुलासा नहीं कर सकी, तब तक दोबारा चोरी से घरवाले सहमे हैं। पुलिस ने कोतवाली में तहरीर दी है।
वार्ड नंबर तीन बिजपई मोहाल निवासी वैद्यनाथ गुप्ता भाजपा ओबीसी मोर्चा के काशी क्षेत्र के मंत्री हैं। इसी आवास में ही उनका कार्यालय भी है। बताया कि सोमवार की रात चार लोग मेन गेट का ताला तोड़कर घर में घुस गए। अंदर के कमराें का भी ताला तोड़ते हुए उनके बेडरुम तक पहुंच गए। वहां आलमारी का ताला तोड़कर 3200 रुपये नकद, अटैची से कई आवश्यक दस्तावेज चुरा ले गए। सुबह घटना की जानकारी हुई। मकान में लगे सीसी टीवी कैमरे में भी चोर घुसते दिख रहे हैं। उन्होंने बताया कि गत वर्ष 24 फरवरी को भी इसी घर में चोरी हुई थी, जिसका मुकदमा भी लिखा गया। अब तक पुलिस उस मामले का खुलासा नहीं कर सकी। इस बाबत सदर कोतवाल एसपी वर्मा ने बताया कि तहरीर के आधार पर छानबीन कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।