सोनभद्र। नगर निकाय चुनाव की तारीखों का एलान भले ही न हुआ हो, लेकिन प्रशासन की तैयारी जारी है। मतदाता सूची का पुनरीक्षण कार्य पूरा होने के बाद बूथों की श्रेणी भी तय कर ली गई है। जिले में कुल 307 में से 215 बूथ संवेदनशील, अति संवेदनशील और अति संवेदनशील प्लस की श्रेणी में रखे गए हैं। नवसृजित नगर पंचायत अनपरा के सभी 87 बूथ इस श्रेणी में शामिल हैं। इसके अलावा पिपरी और रेणुकूट के भी सभी बूथों को संवेदनशील और अति संवेदनशील श्रेणी में रखा गया है। लिहाजा इन निकायों के हर बूथ पर तगड़ी सुरक्षा व्यवस्था रहेगी। माइक्रो आर्ब्जवर के साथ ड्रोन कैमरे से भी निगरानी कराई जाएगी। सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी जगरूप पटेल ने बताया कि नगर पालिका सोनभद्र में 25 मतदान केंद्र पर 74 बूथ हैं। इसमें 06 बूथ संवेदनशील, 25 बूथ अति संवेदनशील और 18 बूथ अति संवेदशील प्लस के रूप में चिन्हित किए गए हैं। नगर पंचायत घोरावल के 10 बूथों में से 03 बूथ संवेदनशील हैं। वहीं चुर्क-घुर्मा में कुल 10 बूथों में से 02 बूथ संवेदनशील और 02 अति संवेदनशील श्रेणी में हैं। ओबरा नगर पंचायत में कुल 53 बूथ हैं। इसमें 03 बूथ संवेदनशील, 05 अति संवेदनशील और 03 बूथ अति संवेदशील प्लस हैं। नवसृजित डाला बाजार नगर पंचायत के 10 बूथों में से 01 बूथ संवेदनशील और 05 अति संवेदनशील हैं। चोपन में 16 बूथों में से 04 संवेदनशील और 03 अति संवेदनशील श्रेणी में शामिल किए गए हैं। दुद्धी में 12 बूथ हैं। इसमें 07 बूथ संवेदनशील, 02 बूथ अति संवेदनशील और 02 अति संवेदशील प्लस के रूप में चिह्नित किए गए हैं।
वहीं रेणुकूट नगर पंचायत के 21 में से 13 बूथ संवेदनशील और 08 अति संवेदनशील श्रेणी में हैं, जबकि पिपरी के 14 बूथों में से 05 बूथ संवेदनशील, 09 बूथ अति संवेदनशील हैं। जिले की सबसे बड़ी निकाय अनपरा में 25 मतदान केंद्रों के अंतर्गत 87 बूथ हैं। इसमें 48 बूथ संवेदनशील, 39 बूथों को अति संवेदनशील के रूप में चिह्नित किए गए हैं।