रामगढ़। अचानक सामने आए ब्रेकर को देख चालक ने तेज रफ्तार से भाग रहे ऑटो में ब्रेक लगाया। ऐसे में ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया। उसमें दबा एक युवक मदद की गुहार लगाता रहा लेकिन चालक उसे छोड़ कर फरार हो गया। लोग पहुंचे और उसे सीएचसी ले गए जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसा रामपुर बरकोनिया थाना क्षेत्र के गिरिया मोड़ के पास शनिवार की देर रात हुआ पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। राबर्ट्सगंज से सवारी लेकर एक ऑटो डूमरिया गांव की ओर जा रहा था। रास्ते में सवारियों को उतारते हुए ऑटो आगे बढ़ता गया। रामपुर बरकोनिया थाना क्षेत्र के गिरिया मोड़ के पास अचानक सामने आए ब्रेकर पर तेज रफ्तार ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया। उसमें सवार डुमरिया गांव निवासी विशाल (18) ऑटो के नीचे दब गया। हादसे के बाद चालक ऑटो छोड़कर फरार हो गया। जबकि नीचे दबा विशाल मदद की गुहार लगाता रहा। उसकी चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। विशाल को बाहर निकाला और एंबुलेंस से लेकर उसे पीएचसी तियरा पहुंचे। जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त कराई और परिजनों को घटना की जानकारी देते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। थाना प्रभारी रामदरश राम ने बताया कि रविवार को शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया।