चोपन। उत्तर रेलवे के जम्मूतवी मंडल में कठुआ-माधोपुर पंजाब स्टेशन के बीच स्थित पुल में मिस एलाइनमेंट पाए जाने के बाद रेलवे प्रशासन ने सतर्कता बरतते हुए ट्रेनों के परिचालन में बदलाव किया है। इस कारण यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।
धनबाद मंडल के वरीय मंडल वाणिज्य प्रबंधक एवं वरीय जनसंपर्क अधिकारी मोहम्मद इकबाल ने बताया कि 28 अगस्त को खुलने वाली गाड़ी संख्या 13151 कोलकाता-जम्मूतवी एक्सप्रेस और 18309 संबलपुर-जम्मूतवी एक्सप्रेस का संचालन रद्द कर दिया गया है। वहीं, गाड़ी संख्या 18310 जम्मूतवी-संबलपुर एक्सप्रेस अब आंशिक रूप से अमृतसर स्टेशन से शुरू होगी। इसी प्रकार गाड़ी संख्या 13152 जम्मूतवी-कोलकाता एक्सप्रेस का आंशिक प्रारंभ पठानकोट कैंट स्टेशन से किया जाएगा। इसके अलावा, गाड़ी संख्या 12332 जम्मूतवी-हावड़ा एक्सप्रेस, जो 28 अगस्त को जम्मूतवी से खुलने वाली थी, उसका आंशिक प्रारंभ अब अंबाला कैंट स्टेशन से होगा। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे अपनी यात्रा से पहले संबंधित गाड़ियों की स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें, ताकि उन्हें असुविधा का सामना न करना पड़े।
चोपन तक ही चलेगी चुनार-बरवाडीह पैसेंजर ट्रेन
सोनभद्र। उत्तर मध्य रेलवे प्रयागराज मंडल के लूसा-खैराही रेलखंड में नॉन इंटरलॉकिंग कार्य के मद्देनजर बरवाडीह-चुनार पैसेंजर ट्रेन का आंशिक समापन एवं आंशिक प्रारंभ चोपन रेलवे स्टेशन से किया जाएगा। आठ सितंबर से अप-डाउन की ट्रेनें चोपन रेलवे स्टेशन तक ही संचालित होंगी।
वरीय मंडल वाणिज्य प्रबंधक, धनबाद एवं वरीय जनसंपर्क अधिकारी मोहम्मद इकबाल ने बताया कि चोपन-चुनार रेलमार्ग पर लूसा से खैराही रेलवे स्टेशन के बीच नॉन इंटरलॉकिंग का कार्य कराया जाना हैं। इसके मद्देनजर गाड़ी संख्या 53351 बरवाडीह-चुनार पैसेंजर का संचालन आठ सितंबर से 15 सितंबर तक आंशिक समापन और गाड़ी संख्या 53352 चुनार-बरवाडीह पैसेंजर आठ सितंबर से 15 सितंबर तक आंशिक प्रारंभ किया जाएगा। चुनार के जगह चोपन तक ही इस पैसेंजर ट्रेन के चलने से करीब पांच सौ से अधिक यात्रियों का आवागमन प्रभावित होगा। संवाद