ब्लॉक के सुपाचुआं ग्राम पंचायत में विद्युतीकरण के बावजूद अब तक लोगों के घरों में बल्ब नहीं जल सका है। दिपावली का पर्व भी अंधेरे में ही मनाना पड़ेगा। कहने को तो यहां दो माह पूर्व ही छूटे हुए टोलों का विद्युतीकरण करा दिया गया और कनेक्शन धारकों के घर मीटर भी लगा दिया गया, लेकिन बल्ब जले इसको लेकर अभी भी ग्रामीण काफी असमंजस में हैं।
म्योरपुर विकास खंड की सुपाचुआ ग्राम पंचायत में राजीव गांधी विद्युतीकरण योजना के तहत विद्युतीकरण होने के बावजूद बल्ब जलने को लेकर लोगों में खासी नाराजगी व्याप्त है। गांव के भुक्कुटोला तथा पनिकाटोला में विद्युत विभाग द्वारा दो माह पूर्व ही विद्युतीकरण का काम पूरा किया गया है। ग्रामीणों की माने तो पोखरा टोले का भी विद्युतीकरण का प्रस्ताव था लेकिन ठेकेदार द्वारा उसे छोड़ दिया गया। विद्युतीकरण के दौरान सभी कनेक्शन धारकों के घर कनेक्शन करके मीटर भी लगा दिया गया। ग्रामीणों का कहना है कि उनके यहां विद्युतीकरण किया गया तो अब आपूर्ति भी होनी चाहिए।
जल्द आपूर्ति बहाल न करने की दशा में आंदोलन की चेतावनी दी है। इसी तरह परनी गांव में भी ट्रांसफार्मर की आस में तमाम ग्रामीण ढिबरी की रोशनी में अपना जीवन बसर कर रहे है। परनी के पूर्व प्रधान अशोक यादव ने ट्रांसफार्मर लगाने की कई बार गुहार लगाई पर अब तक नही ंलग सका। उधर बिजली विभाग के अवर अभियंता रामलाल ने बताया कि राजीव गांधी विद्युतीकरण योजना के तहत ठेकेदार द्वारा काम कराया गया है लेकिन अब तक विभाग को हस्तांतरित नही किया गया है। कहा हस्तांतरित होने पर वहां बिजली जला दी जाएगी।